फाल्गुन माह में पड़ने वाली अमावस्या तिथि बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। यह तिथि भगवान श्रीहरि और पूर्वजों को समर्पित होती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन व्रत रखा जाए, तो जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसके अलावा गंगा में स्नान और पूजा करने से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और पितर तृप्त होते हैं।
गरुड़ पुराण के अनुसार, यदि किसी कारणवश कोई व्यक्ति पितृ पक्ष के दौरान पितरों को तर्पण नहीं कर पाता है, तो वह फाल्गुन अमावस्या के दिन ऐसा कर सकता है। ऐसा करने से पितर प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं। आइए जानते हैं कि फाल्गुन अमावस्या के दिन किस तरह पितरों का तर्पण करना चाहिए।
फाल्गुन अमावस्या शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, फाल्गुन अमावस्या तिथि 9 मार्च 2024 को शाम 6 बजकर 17 मिनट पर शुरू होगी और 10 मार्च को दोपहर 2.29 बजे समाप्त होगी। ऐसे में आज यानी 10 मार्च को फाल्गुन अमावस्या मनाई जा रही है।
पितृ तर्पण विधि
धार्मिक मान्यता के अनुसार, फाल्गुन अमावस्या पर पितरों का श्राद्ध और तर्पण करना बहुत शुभ होता है। ज्योतिष शास्त्र में भी बताया गया है कि अमावस्या के दिन विशेष उपाय करके आप पितृदोष से मुक्ति पा सकते हैं।
फाल्गुन अमावस्या के दिन सुबह स्नान करने के बाद साफ कपड़े पहनें। इसके बाद एक लोटे में जल, फूल और तिल डालें। फिर सच्चे मन से पितरों को जल अर्पित करें। अब गाय के गोबर से बना उपला या कंडा में खीर, गुड़ और घी डालकर चढ़ाएं। इसके अलावा इस दिन खास चीजों का दान भी कर सकते हैं।
पितृ दोष से मुक्ति के मंत्र
ॐ आद्य-भूताय विद्महे सर्व-सेव्याय धीमहि।
शिव-शक्ति-स्वरूपेण पितृ-देव प्रचोदयात्’
गायत्री मंत्र
ॐ भूर्भुव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्
डिसक्लेमर-‘इस लेख में दी गई जानकारी/सामग्री/गणना की प्रामाणिकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। सूचना के विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/धार्मिक मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संकलित करके यह सूचना आप तक प्रेषित की गई हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ सूचना पहुंचाना है, पाठक या उपयोगकर्ता इसे सिर्फ सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी तरह से उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता या पाठक की ही होगी।’

