खबर वर्ल्ड न्यूज-बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बुजुर्ग महिला की अस्थियां मुक्तिधाम से चोरी हो गईं। अंतिम संस्कार के दूसरे दिन परिजन चिता स्थल पर पहुंचे तो वहां नारियल, दिया और अगरबत्ती रखे मिले। राख में अस्थियां तलाशने पर वे गायब मिलीं। यह देखकर परिजन हैरान रह गए। उन्होंने थाने में शिकायत कर अस्थियां तलाशने की मांग की है। गांव में इस तरह की तीसरी घटना सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत है।
दरअसल, गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर साढे 12 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसके अगले दिन 14 नवंबर को शाम को उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा करने मुक्तिधाम पहुंचे। वहां चिता स्थल पर नारियल और दिया रखा देखकर वे हैरान रह गए।
पहले उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब चिता की ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशीं तो वे गायब मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई। गांव में भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन अस्थियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परिजनों ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और चोरी हुई अस्थियां तलाश कर वापस दिलाने की मांग की है।
दिवंगत विद्यावती रुखमणी शर्मा की पोती का कहना है कि उनकी दादी 94 साल तक सुरक्षित रहीं, लेकिन निधन के बाद अंतिम दो दिनों में परिवार उनकी अस्थियों की सुरक्षा नहीं कर पाया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने चिता स्थल पर पूजा-पाठ कर अस्थियां चोरी कर लीं।
पोती के मुताबिक, शोकाकुल परिवार के साथ यह किसी मजाक से कम नहीं है। आखिर किसने और किस उद्देश्य से पूजा कर अस्थियां उठाईं? इन अस्थियों का वह क्या करेगा? यही सोचकर पूरा परिवार डरा हुआ है। घटना के बाद से घर में दहशत का माहौल है।
दिवंगत विद्यावती रुखमणी शर्मा के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां बेहद धार्मिक स्वभाव की थीं। गांव और परिवार के हर धार्मिक कार्य में वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनकी इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर मां गंगा में विसर्जित की जाएं।
बेटे बालमुकुंद शर्मा, गिरेन्द्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा सहित पूरा परिवार उनकी इच्छा के अनुसार विधि-विधान से अस्थियों का विसर्जन करना चाहता था, लेकिन अस्थियां चोरी होने से परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने मांग की है कि मामले में दोषी की पहचान कर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुई अस्थियां परिवार को वापस दिलाई जाएं।
ग्रामीणों का कहना है कि खैरवाही के मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार इसी तरह अस्थियां गायब हो चुकी हैं। ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि 2025 में उनके पिता का निधन होने के बाद इसी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। बाद में जब वे अस्थियां लेने पहुंचे तो वे गायब थीं। उस समय गांव में इसकी जानकारी दी गई, लेकिन किसी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कई लोगों ने इसे उनका निजी मामला बताकर बात टाल दी थी। अब तीसरी बार ऐसी घटना होने से दहशत का माहौल है।
Trending
- अमित बघेल को 14 हेट स्पीच मामलों में सर्वोच्च न्यायालय से नियमित जमानत, रायपुर से बाहर रहने की शर्त भी खत्म
- बालोद के खैरवाही में अस्थि चोरी की तीसरी वारदात से हड़कंप: चिता स्थल पर मिला नारियल-दीया, प्रयागराज विसर्जन की इच्छा अधूरी
- 20-21 नवंबर को देवउठनी एकादशी, पूजा समय पढ़ें यह व्रत कथा, हरि कृपा से मिलेगा वैकुंठ में स्थान
- वेलिंगटन: 70 पर 5 विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक वापसी, निकल्स-फिलिप्स की 173 रनों की अटूट साझेदारी ने पलटा मैच
- बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: दूसरे बुधवार भी जारी रहा ‘रामायण’ का दबदबा, ‘सीन’ और ‘मूकुथी अम्मन 2’ की कमाई में गिरावट दर्ज
- सामान्य वायरल समझकर न टालें बुखार, जोड़ों में दर्द और कमजोरी हो सकती है खतरे की घंटी
- घरेलू हिंसा की रोज़ाना प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने कुल्हाड़ी से किया पति पर हमला, मौत; 24 घंटे में गिरफ्तारी
- चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: 20-21 नवंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, ठंड में इजाफे के आसार


