नई दिल्ली। मौसम बदलते ही शरीर पर बीमारियों का असर दिखना शुरू हो जाता है,कभी खांसी-जुकाम तो कभी बुखार लोगों को अपनी चपेट में लेने लगता है। दरअसल शुरुआत में लोग इसे सामान्य वायरल बुखार समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कई बार यही लापरवाही भारी पड़ सकती है। खासकर जब बुखार के साथ जोड़ों में दर्द, शरीर में टूटन और कमजोरी महसूस होने लगे तो सावधान होने की जरूरत है। कुछ संक्रमण ऐसे भी होते हैं, जिनमें मरीज के शरीर में प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से कम होने लगती है, ऐसे में समय रहते बीमारी की पहचान और डॉक्टर से जांच करवाना बेहद जरूरी है। बता दे कि ठंड के मौसम और बदलते तापमान के बीच वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।इसकी चपेट में केवल बच्चे और बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि युवा भी आ रहे हैं।
बदलते मौसम में खांसी-जुकाम और बुखार के मामले बढ़े
वही इस बारे में अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में कार्यरत होम्योपैथिक डॉक्टर रजिता ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि बदलते मौसम में खांसी-जुकाम और बुखार की समस्या काफी देखने को मिल रही है। इन दिनों कई मरीज जोड़ों में दर्द और बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, शुरुआत में लोग इसे सामान्य मौसमी परेशानी समझते हैं, लेकिन जब शरीर में दर्द और कमजोरी बढ़ने लगती है तो परेशानी गंभीर हो सकती है।
डॉ. रजिता ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार और खांसी-जुकाम की समस्या है तो उसे घर पर रहकर आराम करना चाहिए। इस दौरान बाहर निकलने से बचना चाहिए और यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो मास्क का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए, इससे संक्रमण दूसरे लोगों तक फैलने का खतरा कम किया जा सकता है। इसके अलावा घर में भी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए और नियमित रूप से हाथ धोने की आदत अपनानी चाहिए।
वायरल बुखार में खिचड़ी, दलिया और गर्म सूप का करें सेवन
उन्होंने बताया कि वायरल बुखार के दौरान खानपान का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।अक्सर लोग बीमारी के समय भी तला-भुना और मसालेदार भोजन खाते रहते हैं, जबकि इस दौरान शरीर को हल्के और आसानी से पचने वाले भोजन की जरूरत होती है।ऐसे में खिचड़ी, दलिया, दाल-चावल और गर्म सूप का सेवन किया जा सकता है, हरी पत्तेदार सब्जियों को उबालकर या उनका सूप बनाकर लेना भी अच्छा विकल्प है। इसके साथ ही शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए,पानी, ओआरएस, नारियल पानी और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थ लेते रहना चाहिए।
कीवी, संतरा, अमरूद और पपीता को डाइट में करें शामिल
डॉक्टर के अनुसार, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए संतुलित आहार लेना जरूरी है।इसमें कीवी, संतरा, अमरूद और पपीता जैसे फलों को शामिल किया जा सकता है।गिलोय जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थों का सेवन भी चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही करना चाहिए,बीमारी के दौरान पर्याप्त नींद और आराम करना भी जरूरी है, ताकि शरीर को स्वस्थ होने का समय मिल सके।वहीं, बुखार के दौरान अगर प्लेटलेट्स कम होने की शिकायत सामने आती है तो इसे बिल्कुल हल्के में नहीं लेना चाहिए। खासकर बच्चों में बुखार के साथ लगातार कमजोरी, उल्टी, पेट दर्द या शरीर पर लाल निशान दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
डेंगू जैसे संक्रमण में प्लेटलेट्स कम हो सकते हैं, इसलिए केवल घरेलू उपायों के भरोसे नहीं रहना चाहिए, ऐसी स्थिति में चिकित्सकीय जांच और निगरानी जरूरी होती है।मरीज को पर्याप्त तरल पदार्थ और संतुलित भोजन देना चाहिए, संतरा, अनार, दालें और हरी सब्जियां पोषण के अच्छे स्रोत हैं, लेकिन केवल किसी फल या घरेलू नुस्खे से प्लेटलेट्स बढ़ने की गारंटी नहीं होती।
बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक और दर्द निवारक दवाएं न लें
डॉ. रजिता के अनुसार, बुखार के दौरान बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या दूसरी दर्द निवारक दवाइयां नहीं लेनी चाहिए। तेज बुखार होने पर उचित दवा के लिए चिकित्सक से सलाह लें।अगर बुखार लगातार बना रहता है या तबीयत बिगड़ने लगती है तो तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच करवाएं,समय पर सावधानी और सही खानपान अपनाकर बीमारी के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।
Trending
- बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: दूसरे बुधवार भी जारी रहा ‘रामायण’ का दबदबा, ‘सीन’ और ‘मूकुथी अम्मन 2’ की कमाई में गिरावट दर्ज
- सामान्य वायरल समझकर न टालें बुखार, जोड़ों में दर्द और कमजोरी हो सकती है खतरे की घंटी
- घरेलू हिंसा की रोज़ाना प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने कुल्हाड़ी से किया पति पर हमला, मौत; 24 घंटे में गिरफ्तारी
- चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: 20-21 नवंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, ठंड में इजाफे के आसार
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनाएंगी काला दिवस
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बलौदाबाजार दौरा आज…
- मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में नारायणपुर जिले की बड़ी उपलब्धि
- बस्तर बनेगा आदर्श जनजातीय क्षेत्र, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति के विकास के लिए 187 करोड़ रुपए की मेगा कार्ययोजना तैयार


