भविष्य में शांतिपूर्ण संवाद से समाधान की प्रतिबद्धता दोहराई
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। कलेक्टोरेट परिसर में जनगणना पोर्टल में छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल किए जाने के संबंध में प्रस्तुत ज्ञापन को लेकर फैली कथित अफवाहों के संदर्भ में प्रशासन द्वारा पूर्व में ही स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि सभी नागरिकों एवं संगठनों के सुझावों और आवेदनों का सम्मानपूर्वक नियमानुसार परीक्षण किया जाता है।
उक्त प्रकरण के दौरान कलेक्टर वेटिंग एरिया में उपस्थित कुछ व्यक्तियों द्वारा कार्यालयीन स्टाफ के साथ अमर्यादित एवं अनुचित व्यवहार किए जाने तथा कलेक्टोरेट परिसर के बाहर अनर्गल नारेबाजी की घटना सामने आई थी। साथ ही कलेक्टर कक्ष के बाहर आवेदन फेंके जाने की कथित अफवाह भी फैलाई गई थी, जिसे प्रशासन ने निराधार बताया है।
इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री परसराम यादव एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला उपाध्यक्ष एवं महामंत्री द्वारा एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होकर घटना पर खेद व्यक्त किया गया। इस दौरान प्रशासन और संबंधित पदाधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई।
पदाधिकारियों ने भविष्य में किसी भी प्रकार की स्थिति को शांतिपूर्ण एवं संवाद के माध्यम से सुलझाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। जिला प्रशासन ने भी सभी पक्षों से अपील की है कि शासकीय कार्यों के दौरान मर्यादित, संयमित एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें, जिससे जनहित के कार्य सुचारू रूप से संपादित हो सकें।


