नई दिल्ली। पिस्ता पिस्तासियो वेरा नाम के पेड़ों का बीज फल है। इसका उपयोग नमकीन स्नैक्स बनाने से लेकर मिठाइयों के निर्माण में भी किया जाता है। इसके साथ ही, पिस्ता से तेल और बटर भी तैयार किया जाता है। स्वाद और सेहत से भरपूर पिस्ता एंटीऑक्सीडेंट्स, प्रोटीन, फाइबर, फोलेट, विटामिन, पोटैशियम, विटामिन बी6, कॉपर और फॉस्फोरस जैसे खनिज पोषक तत्वों से भरपूर होता है।
यह हमारे शरीर को अच्छी मात्रा में पोषण प्रदान करता है। इससे बनी मिठाइयां हो या फिर नमकीन, यह अपने स्वाद से सभी को अपनी तरफ आकर्षित करता है। ऐसे में इतने सारे पोषक तत्वों से भरपूर पिस्ता का अगर रोजाना सेवन किया जाए, तो आपको अनेकों स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो सकते हैं, तो आईए जानते हैं इनके बारे में।
पोषक तत्वों से भरपूर
अनेक तरह के पोषक तत्वों से भरपूर एक पिस्ता में लगभग 0.2 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 0.12 ग्राम हेल्दी फैट, 0.15 ग्राम प्रोटीन और लगभग 4 कैलोरी होती है। इसमें मौजूद विटामिन बी6 ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने और हिमोग्लोबिन उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही, एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन ई सेल डैमेज को रोकने में मदद करते हैं।
कोलेस्ट्रॉल लेवल नियंत्रित करे
रोज पिस्ता के सेवन से शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बढ़ाने और बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद मिलती है। इसलिए यह कार्डियोवैस्कुलर डिजीज से बचाव में मदद करता है।
हार्ट हेल्थ बनाए रखे
पिस्ता में पाया जाने वाला विटामिन ई एक प्रकार का एंटीऑक्सीडेंट है, जो हार्ट सेल्स को सुरक्षित रखने में सहायक होता है। इसके साथ ही, इसमें मौजूद मैग्नीशियम से कार्डियक गतिविधियों को सहायता मिलती है। इस तरह ये हार्ट हेल्थ को बढ़ावा देते हैं।
वेट लॉस में सहायक
पिस्ता में प्राकृतिक ऊर्जा, प्रोटीन और फाइबर पाया जाता है, जो आपको लंबे समय तक एनर्जेटिक बनाए रखने के साथ-साथ पेट के भरे होने का एहसास भी कराता है।
आंखों के लिए है काफी लाभदायक
पिस्ता में भरपूर मात्रा में पाए जाने वाले विटामिन ई और अनेक तरह के पोषक तत्व आंखों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। ये आंखों के सेल्स सुरक्षित रखने के साथ साथ आंखों को इन्फेक्शन से बचाने में सहायक होते हैं।

