खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। लोकसभा चुनाव में रायपुर से जीतने वाले शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा है कि अभी तय करेंगे विधायक से इस्तीफा दें या सांसद से। बृजमोहन अग्रवाल ने इससे पर्दा हटाते हुए कहा कि वे विधायक पद से 18 या 19 जून को इस्तीफा देंगे। इसके बाद नियमानुसार वे 6 महीने तक मंत्री पद पर रह सकते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब चाहेंगे तब मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा।
भाजपा के सूत्रों की मानें तो 15 जुलाई के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार कभी भी हो सकता है। एक मंत्री का पद पहले से खाली है, विस्तार में बृजमोहन अग्रवाल से भी इस्तीफा ले लिया जाएगा। ऐसे में दो मंत्री पद भरे जाएंगे। इसको लेकर विधायकों की दौड़ भी शुरू हो गई। रविवार को प्रदेश के सहप्रभारी नतिन नबीन ने कई बैठकें ली। नबीन ने एक गोपनीय बैठक भी की, इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और संगठन महामंत्री पवन साय उपस्थित रहे। इस बैठक में मंत्रिमंडल को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्रियों की परफार्मेंस में तीन की स्थिति खराब बताई जा रही है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान दो के अलावा तीन और मंत्रियों को भी बदला जा सकता है।
बृजमोहन अग्रवाल संसद के नए सत्र में शामिल होने दिल्ली जाएंगे। मीडिया ने इस्तीफे, मंत्री पद को लेकर सवाल किए इसके जवाब बृजमोहन ने दिए। उनसे जब पूछा गया कि आप कब इस्तीफा दे रहे हैं बृजमोहन बोले- केंद्रीय नेतृत्व में सांसद का चुनाव लड़वाया है तो सोच समझकर लड़वाया है। नियम के अनुसार जब भी होगा मैं विधायक पद से इस्तीफा दूंगा। मुख्यमंत्री जी के अधिकारों में है कि वह चाहे तो किसी भी जो विधायक नहीं है, उसको भी 6 महीने तक मंत्री रख सकते हैं। ये कहकर बृजमोहन ने मंत्री पद पर बनने रहने की अपनी इच्छा जता दी।
बृजमोहन की जगह कौन होगा ?: ये पूछे जाने पर कि आपकी जगह यहां प्रदेश में कौन होगा, दक्षिण कौन जीतेगा, बृजमोहन ने जवाब में कहा- जो आएगा वह अपना परफॉर्मेंस दिखाएगा, पांचों उंगलियां बराबर नहीं होती हैं। केंद्र में पद को लेकर कहा- अभी बहुत समय है अभी तो सरकार को बने हुए मुश्किल से 6 दिन हुए हैं अभी तो 5 साल बाकी हैं। दक्षिण विधानसभा को लेकर हा कि रायपुर की जनता और हमारे कार्यकर्ता हैं जो दक्षिण में दमदारी दिखाते हैं मैं जो कुछ भी हूं उनके दाम पर हूं।

