खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा समितियों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर की गई धान की खरीदी के बाद अब इसका मिलान किया जा रहा है। बस्तर जिले की 79 उपार्जन केन्द्रों में से 22 समितियों में लगभग 07 हजार क्विंटल का शार्टेज मिला है। अधिकारी खरीदी केन्द्रों से धान का उठाव नहीं होना बता रहे हैं। वहीं हकीकत में एक भी उपार्जन केंद्र में धान जाम नहीं है, और प्रबंधन धान शार्टेज का ठीकरा खरीदी केन्द्र प्रभारियों के सिर फोड़ने की तैयारी में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्तर जिले में 79 खरीदी केन्द्रों के माध्यम से 39055 किसानों से 245226 मिट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर खरीदी किया गया। खरीदी केन्द्रों से 244509 मीट्रिक टन धान का उठाव मिलर्स ने कर लिया है। खरीदी केंन्द्रो का मिलान करने के बाद 717 मीट्रिक टन धान शार्टेज बताया जा रहा है। वहीं अधिकारी खरीदी केन्द्रों में धान का उठाव नहीं होना बता रहे हैं। समिति के प्रबंधकों ने बताया कि शासन ने इस साल प्रति एकड़ किसानों से 21 क्विंटल धान की खरीदी की है। बड़ी संख्या में धान खरीदी करने और उठाव नहीं होने की वजह से समिति प्रबंधकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल्द से जल्द धान का उठाव करने की मांग समिति प्रबंधकों द्वारा की गई थी। इसके बाद भी प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और अब नुकसान की भरपाई करने के लिए समिति प्रबंधकों पर दबाव बनाया जा रहा है।

