खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत नहरपारा वार्ड निवासी युवती सुषमा श्रीवास ने शादी से पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस लडक़े से उसकी सगाई हुई थी, उससे फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। वर पक्ष के लोगों ने घर आकर माफी मांगी थी। जिसके बाद उनका विवाद सुलझ गया था, लेकिन अचानक युवती ने आत्महत्या कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नहरपारा वार्ड निवासी सुषमा श्रीवास उम्र 24 वर्ष की शादी तीन महीने पहले कांकेर जिले के भावगिरी ग्राम में तय हुई थी। सगाई हो गई थी, और 10 मई को शादी होनी थी। एक भाई और तीन बहनों में सुषमा दूसरे नंबर की थी, जिसकी डोली उठने से पहले अर्थी उठी। बताया जा रहा है कि घर के सभी लोग शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। कुछ दिन पहले तक सुषमा स्वयं अपनी शादी के कार्ड बांटकर आई थी। वह अपनी शादी की शॉपिंग भी कर रही थी। इसी बीच उसने मकान की दूसरी मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

