खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। लोकसभा चुनाव में चर्चित सीट राजनांदगांव में रविवार का दिन राजनीतिक गहमागहमी वाला रहने वाला है। भाजपा और कांग्रेस की बड़ी चुनावी सभाएं होने जा रही है। विशेष बात यह है कि दोनों सभाएं आठ किलोमीटर की दूरी पर होने जा रही है। पहले सभा दोपहर 12 बजे ग्राम कुमर्दा से लगे सागर गांव में होगी। वहां उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। इसके ठीक तीन घंटे बाद दोपहर तीन बजे ग्राम मोहड़ में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की सभा होगी। दोनों दल इन सभाओं के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं। चुनाव प्रचार थमने के तीन दिन पहले हो रही इन सभाओं को दोनों दलों के लिए अंतिम बड़ी सभाएं मानी जा रही है।
आकर्षक स्वरूप से सजाया गया सभास्थल
भाजपा के प्रचार अभियान में अब तक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बाद 21 अप्रैल को स्टार प्रचारक व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आमसभा होने जा रही हैं। वे ग्राम कुमर्दा में पार्टी के प्रत्याशी संतोष पांडे के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सभा स्थल को भाजपा के झंडे, बैनर, फ्लेक्स व कटआउट से आकर्षक स्वरूप से सजाया गया है।
भीषण गर्मी को देखते हुए आम जनता के लिए बैठक व्यवस्था व पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की करने की बात कही जा रही है। पार्टी के लोकसभा कलस्टर प्रभारी व पूर्व मंत्री राजेश मूणत, लोकसभा संयोजक मधुसूदन यादव, सह-संयोजक दिनेश गांधी व नीलू शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी।

