खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-दंतेवाड़ा। जिले के सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा पर बुधवार शाम लगभग 05 बजे हुई मुठभेड़ में जवानों ने 08 लाख के इनामी नक्सली चन्द्रन्ना उर्फ सत्यम को ढेर कर दिया है। चंद्रन्ना जगरगुंडा एरिया कमेटी में सक्रिय था। पुलिस ने मौके से शव, हथियार सहित अन्य नक्सल सामग्री बरामद किया है। जवान पूरी रात मौके पर मौजूद रहे, अब भी इलाके में सर्चिंग जारी है। जवान आज दोपहर तक शव सहित बरामद नक्सल सामग्री लेकर लौटने की जानकारी मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि गोंदपल्ली, परलागट्टा और बड़ेपल्ली गांव के जंगल में बड़ी संख्या में हथियारबंद नक्सली मौजूद हैं। मुखबिर की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी, सीआरपीएफ और बस्तर फाइटर कीसंयुक्त टुकड़ी बुधवार की सुबह मौके के लिए रवाना किया गया। शाम लगभग 05 बजे नक्सलियों से मुठभेड़ हुई, जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए मुठभेड़ के बाद सर्चिग के दौरान एक नक्सली का शव बरामद किया गया। जिसकी शिनाख्त चन्द्रन्ना उर्फ सत्यम के रूप में की गई है। इस पर 08 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था, और कई नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। वह 2013 के पूर्व माड़ डिवीजन का डीवीसी सदस्य था। कुछ वर्षों से दक्षिण बस्तर डिविजन के जगरगुंडा एरिया कमेटी में सक्रिय था।
एसपी दंतेवाड़ा गौरव राय ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि देर शाम तक मुठभेड़ चली है। अभी भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। आज दोपहर तक जवानों के लौटने के बाद विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।

