खबर वर्ल्ड 24-नई दिल्ली । महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी की रोशनी जायसवाल को प्रताड़ित करने का मामला उठाते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को भाजपा संरक्षण देती हैं।
लांबा ने कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के साथ पत्रकार वार्ता में यह आरोप लगाया। लांबा ने कहा कि रोशनी का कसूर सिर्फ इतना है कि वह बेटियों की लड़ाई लड़ रही थी। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ आवाज उठाई। रोशनी ने भाजपा नेता राजेश सिंह की ओर से दी जा रही दुष्कर्म की धमकियों का भी विरोध किया। इसका खामियाजा आज रोशनी को झेलना पड़ रहा है। लांबा ने कहा कि राजेश सिंह के ट्विटर हैंडल पर महिलाओं को दुष्कर्म की धमकियां देने के सभी सबूत हैं। वह पिछले चार साल से रोशनी जायसवाल को लगातार परेशान कर रहा था।
इसे लेकर रोशनी ने वाराणसी के डीएम से मिलकर शिकायत की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। कार्रवाई के बजाय वाराणसी प्रशासन ने रोशनी को बदनाम करने के लिए उनके घर पर ढोल बजाकर कुकी का नोटिस चिपका दिया। उन्होंने कहा कि राजेश सिंह को भाजपा नेताओं और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संरक्षण दिया जा रहा है। रोशनी के पति, भाई और पांच अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर दिया गया है। रोशनी के पति, भाई और पांच साथियों को 15 सितंबर को सलाखों के पीछे डाल दिया गया। जबकि राजेश सिंह आजाद घूम रहा है। रोशनी 40 दिन से न्याय मांग रही है, मगर उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

