खबर वर्ल्ड 24 इंडिया-भुवनेश्वर। ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने रविवार को कहा कि चक्रवात दाना और उसके बाद 14 जिलों में आई बाढ़ से राज्य में कुल 35.95 लाख लोग प्रभावित हुए। चक्रवात से राज्य में कोई जनहानि नहीं हुई। पुजारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार, करीब 5,840 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। आपदा में अपने घर खो चुके लोगों को पॉलीथीन शीटें दी जा रही हैं। उन्होंने कहा, जब भी कोई आपदा आती है, लोग अपना घर खो देते हैं और उन्हें मुआवजा दिया जाता है। इस बार हम समस्या का स्थायी समाधान करते हुए चरणबद्ध तरीके से लोगों को पक्के घर मुहैया कराना चाहते हैं। इसलिए सरकार कच्चे मकानों का सर्वेक्षण कराने की योजना बना रही है।
पुजारी ने बताया कि आपदा के कारण 8,10,896 लोगों को 6,210 चक्रवात राहत केंद्रों में पहुंचाया गया। सबसे अधिक प्रभावित जिलों में केंद्रपाड़ा, बालासोर और भद्रक शामिल हैं।
चक्रवात के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह आए चक्रवात दाना ने 14 जिलों के 108 ब्लॉक के तहत 1,671 ग्राम पंचायतों के लोगों को प्रभावित किया है।

