खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने डबल इंजन की भाजपा सरकार एवं स्थानीय भाजपा के जनप्रतिनिधियों व प्रशासन पर आओप लगाते हुए कहा कि इंडिगो कम्पनी ने जगदलपुर से रायपुर सेक्टर में संचालित की जा रही विमान सेवा यात्रा की बुकिंग बंद कर दी है। इस कंपनी ने 27 अक्टूबर से लागू होने वाले विन्टर शेड्यूल से इस विमान सेवा को हटा दिया है। साथ ही जगदलपुर-रायपुर सेक्टर में विमान सेवा यात्रा सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, गुरूवार, शुक्रवार को संचालित की जाती थी, लेकिन अब स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर एवं मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर का हवाई संपर्क 28 अक्टूबर से टूट जाएगा। वहीं बस्तर की लाइफलाइन कही जाने वाली केशकाल घाटी की भी आज बद से बदतर स्थिति है। क्योंकि इंडिगो कंपनी ने इस विमान सेवा को बंद करने निर्णय लिया है, जो कि डबल इंजन की भाजपा सरकार की विफलता को उजागर कर रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों भाजपा के मंत्री केदार कश्यप विधायक किरण देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित भाजपा के तमाम नेताओं की चुप्पी इस बात का सबूत है कि इन्होंने बस्तर की जनता को सिर्फ छलने का ही कार्य किया है।
श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार ने यात्रियों का खयाल रखते हुए जगदलपुर से रायपुर हेतु विमान सेवा यात्रा की शुरुआत की थी, परंतु राज्य में बैठी डबल इंजन की सरकार की विफलता के चलते इस विमान सेवा को बंद कर दिया गया है। भाजपा की सरकार ने हमेशा बस्तरवासियों को छला है, कांग्रेस की लाई हुई विमान सेवाओं जैसी अन्य योजनाओं को संजोए रखना छोड़ द्वेषपूर्ण राजनीति कर उनको बंद करने का कार्य कर रही है जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। आगामी समय में धनतेरस व दीपावली पर्व है और ऐसे त्यौहारी सीजन से पूर्व इस विमान सेवा के बंद की स्थिति से यात्रियों एवं पर्यटकों के साथ ही व्यापारी वर्ग सहित आम यात्रियों में काफी नाराजगी व्याप्त है। उन्हाेने बताया कि इससे पहले अप्रैल के मध्य में एलाइंस एयर ने हैदराबाद- जगदलपुर- रायपुर सेक्टर में संचालित विमान सेवा को बंद कर दिया था।और अब इंडिगो कंपनी द्वारा जगदलपुर से रायपुर में संचालित विमान सेवा बंद कर दी है जो कि सीधे भाजपा के डबल इंजन सरकार की बहुत बड़ी विफलता है। वही अब तक इस मुद्दे पर मंत्री केदार कश्यप स्थानीय विधायक, बस्तर सांसद व भाजपा के किसी भी नेताओं का व्यकतव्य सामने नही आया है। इन सभी की चुप्पी इस बात का प्रमाण है कि इन्हें बस्तर के विकास से कोई लेना-देना नही है, कुल मिलाकर भाजपा की सरकार बस्तर के हित व जनहित विकास हेतु प्रतिबद्ध नही है।
श्री मौर्य ने कहा कि विमान सेवा बंद होने से जनता में भाजपा के निष्क्रिय मंत्री, सांसद, विधायक के प्रति आक्रोश व्याप्त है। वहीं बस्तर की लाइफलाइन कही जाने वाली केशकाल घाटी की भी आज बद से बदतर स्थिति है। नगरनार स्टील प्लांट शुरू होने के बाद भारी वाहनों का आवक बढ़ा है लेकिन पिछले कई महीनों से केशकाल घाटी की जर्जर सड़कों से लोग परेशान हैं। इन सड़कों के मरम्मत कराने में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार नाकाम साबित हो चुकी है,अब तक स्थिति जस की तस है। यहां से गुजरने वाली नेशनल हाइवे 30 में जगह जगह गड्ढ़े हो गए हैं। लेकिन आम जनता को राहत देने एनएच 30 का नवीनीकरण करने के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन वाली भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही है। इस महत्वपूर्ण मार्ग की उपेक्षा के कारण हजारों यात्रियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। केशकाल से इतर बाइपास रोड बनाने को लेकर भाजपा के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हाेने से बाइपास अब तक बनकर तैयार नहीं हुआ। जनता की राहत के लिए कांग्रेस हमेशा लड़ती आई है, और आगे भी जनहित की मांग अनुरूप लड़ते रहेंगी।

