‘सेवा सेतु’ से आसान हुई आय प्रमाण पत्र की राह, बी.एड. प्रवेश का सपना हुआ साकार
खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सेवा सेतु’ प्रदेश के नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। इस पहल की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है ग्राम सोंढ़, तहसील बेरला, जिला बेमेतरा की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी लक्ष्मी वर्मा की।
आय प्रमाण पत्र बना सपनों को पंख
कुमारी लक्ष्मी वर्मा ने बी.एड. प्रवेश परीक्षा में प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की है। प्रवेश के लिए आयोजित काउंसलिंग में आय प्रमाण पत्र अनिवार्य दस्तावेज था। निर्धारित समय में प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर उनका पूरा साल खराब होने का अंदेशा था।
ऐसे में उनके पिता श्री धनसिंह वर्मा ने सेवा सेतु केंद्र, तहसील कार्यालय बेरला में पुत्री के आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया।
तहसील कार्यालय द्वारा आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए समय-सीमा के भीतर ही आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। प्रमाण पत्र मिलते ही लक्ष्मी की काउंसलिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हुई और बी.एड. में प्रवेश का उनका सपना साकार हो सका।
शासन के प्रति जताया आभार
समय पर सेवा मिलने से खुश लक्ष्मी और उनके परिवार ने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजना ‘सेवा सेतु’ के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया है।
परिवार ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की सोच और सुशासन के कारण आज गांव की एक गरीब छात्रा को भी बिना भटके, पारदर्शी तरीके से समय पर सरकारी सेवा मिल पा रही है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन बेमेतरा का भी धन्यवाद किया।
लक्ष्मी की यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि एक छोटी सी सरकारी सेवा भी अगर समय पर मिल जाए तो किसी विद्यार्थी के बड़े सपनों को नई दिशा दे सकती है।
‘सेवा सेतु’ से सुशासन की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़।


