घर-घर पहुंच रहा शुद्ध पेयजल, महिलाओं को मिली राहत
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन से विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम लोहड़िया की तस्वीर बदल गई है। योजना के तहत गांव के प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन पहुंचने से न केवल पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हुआ है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन भी देखने को मिल रहा है। 255 परिवारों वाले ग्राम लोहड़िया में एक समय ऐसा था जब ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था। सुबह होते ही पानी भरने के लिए लंबी कतारें लग जाती थीं। विशेषकर महिलाओं को कई घंटे पानी की व्यवस्था में लगाने पड़ते थे, जिससे उनके घरेलू कार्य, खेती-किसानी और अन्य आजीविका संबंधी गतिविधियां प्रभावित होती थीं।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा गांव में घर-घर नल कनेक्शन स्थापित किए गए और नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। परिणामस्वरूप अब ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता। घर बैठे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से समय, श्रम और ऊर्जा की बचत हो रही है तथा स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम हुए हैं। ग्राम की निवासी श्रीमती सुकृति कश्यप ने बताया कि पहले पानी की समस्या के कारण दिन का बड़ा हिस्सा पानी लाने में निकल जाता था। खेती और घरेलू काम समय पर नहीं हो पाते थे। लेकिन अब घर में नल से नियमित पानी मिलने से उनकी सभी परेशानियां दूर हो गई हैं। वे समय पर खेती का कार्य भी कर पा रही हैं और परिवार को भी अधिक समय दे रही हैं। जल जीवन मिशन ने लोहड़िया में केवल पानी नहीं पहुंचाया, बल्कि महिलाओं को सम्मान, बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और परिवारों को सुविधाजनक जीवन भी दिया है।


