खबर वर्ल्ड न्यूज-गौरेला पेंड्रा मरवाही। गौरेला विकासखंड के ग्राम बस्ती के सूरज कुमार वाकरे ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन मिलने पर कोई भी चुनौती सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। सूरज 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं। शारीरिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने कभी अपनी शिक्षा और सपनों को नहीं छोड़ा। सूरज वर्तमान में डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय पेंड्रा में बी.ए. अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। कॉलेज आने-जाने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
परिवहन की सुविधा सीमित होने के कारण उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां प्रभावित होती थीं। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर आगे बढ़ते रहे।
सुशासन तिहार के तहत लमना में आयोजित शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा सूरज को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई। यह सहायता उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आई। मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलने से अब उनका कॉलेज आना-जाना आसान हो गया है। वे अपने कार्यों को अधिक आत्मनिर्भरता के साथ कर पा रहे हैं और समय की भी बचत हो रही है। सूरज का कहना है कि इस सुविधा ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दी है। अब वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपनी पढ़ाई जारी रख पा रहे हैं और भविष्य में बेहतर अवसरों के लिए तैयारी कर रहे हैं। उनका सपना है कि शिक्षा पूरी कर समाज में अपनी पहचान बनाएं तथा अन्य दिव्यांग युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनें।
सूरज कुमार वाकरे की यह कहानी दर्शाती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदत्त मोटराइज्ड ट्रायसायकल ने न केवल उनकी गतिशीलता बढ़ाई है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की दिशा में भी नई राह दिखाई है। सूरज ने शासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
Trending
- छत्तीसगढ़ विधानसभा: 13 जुलाई से गूंजेगी सदन में आवाज, 5 बैठकों में निपटाए जाएंगे वित्तीय और शासकीय कार्य
- मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस एवं समयबद्धता के लिए मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारियों को दिए प्रशंसा पत्र
- बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का 20 जून को छत्तीसगढ़ दौरा; मंत्रिमंडल में फेरबदल की सुगबुगाहट से मंत्रियों की धड़कनें तेज
- केशकाल घाट में बड़ा हादसा टला: ब्रेक फेल होने से पलटा ऑक्सीजन टैंकर, चालक की सूझबूझ से थमी तबाही की आहट
- बेमेतरा में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: ग्राम गाड़ाडीह में अवैध रूप से भंडारित 585 बोरी उर्वरक जब्त, गोदाम सील
- शाला प्रवेश उत्सव को जनआंदोलन बनाने आगे आएं जनप्रतिनिधि : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- सूरज कुमार वाकरे की प्रेरक यात्रा: मोटराइज्ड ट्रायसायकल से मिली नई उड़ान
- निष्क्रिय सिंचाई योजना को मिला नया जीवन, गुतकिया के किसानों को मिलेगी वर्षभर सिंचाई सुविधा


