खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की जिला इकाई मुंगेली द्वारा छात्रावासों की व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं की सुविधाओं तथा अधीक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग मुंगेली को सामूहिक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा कर आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया।
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पहले जिले के सभी छात्रावासों में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाना अत्यंत आवश्यक है। छात्रावास भवनों की मरम्मत, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। बैठक में छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। अधीक्षकों ने सुझाव दिया कि सत्र प्रारंभ होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सभी छात्रावासों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच हो सके तथा किसी भी बीमारी का प्रारंभिक स्तर पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अलावा आगामी सत्र 2026-27 के लिए छात्र-छात्राओं के प्रवेश संबंधी प्रक्रिया, सीटों के निर्धारण, पात्र विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश उपलब्ध कराने तथा छात्रावास संचालन को सुचारु रूप से संचालित करने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। संघ ने मांग की कि प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए, जिससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। संघ के पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को प्रदान की जाने वाली शिष्यवृत्ति की वर्तमान राशि को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई और शैक्षणिक आवश्यकताओं को देखते हुए वर्तमान शिष्यवृत्ति राशि पर्याप्त नहीं है। इस संबंध में सहायक आयुक्त से आग्रह किया गया कि वे उच्च स्तर पर पत्राचार कर शिष्यवृत्ति राशि में वृद्धि के लिए आवश्यक पहल करें।
ज्ञापन के माध्यम से जिले के समस्त छात्रावास अधीक्षकों ने अपनी बुनियादी आवश्यकताओं एवं विभागीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। अधीक्षकों ने कहा कि विभिन्न प्रशासनिक एवं संसाधन संबंधी समस्याओं के कारण कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सहायक आयुक्त से इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु विशेष पहल करने का आग्रह किया, ताकि छात्रावासों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके। सहायक आयुक्त ने संघ के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक मांगों एवं सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभाग द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र निर्मलकर, जिला सचिव विनय साहू, जिला संरक्षक डी. एल भास्कर, अश्वनी बंजारा, एच.डी. डहरिया, गंगोत्री भगत, कुंदन यादव, गरिमा दुबे, विवेक कुमार, रवीना बानो, सुरेंद्र राजपूत, विक्रम क्षत्रिय, विकास, निकिता शर्मा, ओमप्रकाश राठौर, चांदनी जयसिंघानी, रजनी रात्रे, बरखा बंजारे, प्रीति शुक्ला सहित जिले के विभिन्न छात्रावासों के अधीक्षक एवं अधीक्षिकाएं उपस्थित रहीं। संघ के सदस्यों ने एकजुट होकर छात्रावासों के विकास, विद्यार्थियों की सुविधाओं और अधीक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
Trending
- बदलते बस्तर की नई तस्वीर: विकास, विश्वास और सुशासन का सेतु बना कोण्डापल्ली का आधुनिक ‘बेली ब्रिज’
- खेत बचाओ अभियान: नील हरित शैवाल से मिट्टी की सेहत संवार रहे लब्जी नावापारा के किसान धनेश्वर प्रसाद
- सफलता की नई इबारत: आधुनिक तकनीकों से नारायणपुर के खानेंद्र कुमेटी बने ‘रोल मॉडल’ किसान
- नैनो तकनीक से जिले के कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव: खेतों में नैनो यूरिया और डीएपी का सफल प्रयोग
- बीजापुर के ‘नक्सल मुक्त’ कोण्डापल्ली में CM साय की ऐतिहासिक जनचौपाल: विकास की राह पर लौटे ग्रामीणों को बांटे वनाधिकार पत्र, आत्मसमर्पित दंपत्ति की दुकान से खरीदी पानी की बोतल
- छात्रावासों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने छात्रावास अधीक्षक संघ ने सौंपा सामूहिक ज्ञापन
- केन्द्रीय गोंड महासभा ने पोस्ट मैट्रिकोत्तर छात्रावास सहित विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
- केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुंगेली में सुशासन तिहार शिविर में किया जनसंवाद, बिलासपुर में जनदर्शन के माध्यम से सुनी आमजन की समस्याएं


