khabarworld24.com – केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने रविवार को कहा कि महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन महाराष्ट्र के सामाजिक ताने-बाने की कीमत पर तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त है। शाह ने जलगांव जिले के रावेर विधानसभा क्षेत्र और बुलढाणा के मल्कापुर विधानसभा क्षेत्र में रैलियों को संबोधित करने के दौरान यह बात कही। इस दौरान उन्होंने उलेमा संघ द्वारा विपक्षी कांग्रेस को हाल ही में सौंपे गए एक ज्ञापन की ओर इशारा किया, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लिए नौकरियों और शिक्षा में 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग से दलितों आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लाभ प्रभावित होंगे, क्योंकि कोटे पर 50 प्रतिशत की सीमा है और कोई भी वृद्धि मौजूदा आरक्षण की कीमत पर होगी। उद्धव ठाकरे को चुनौती दी शाह ने शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को चुनौती दी कि वह महा विकास आघाडी की सहयोगी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर और शिव सेना संस्थापक बाल ठाकरे की तारीफ कराकर दिखाएं। शाह ने दावा किया कि 2019 और जून 2022 के बीच शासन करने वाली उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमबीए सरकार के तहत महाराष्ट्र ने औद्योगिक विकास में अपनी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त खो दी और राज्य चौथे स्थान पर आ गया।
शाह का कांग्रेस की ओर से मुस्लिम आरक्षण की मांग को स्वीकार करने का दावा गलत पटोले :
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस दावे को खारिज कर दिया जिसके मुताबिक मुख्य विपक्षी पार्टी ने नौकरियों और शिक्षा में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की उलेमा परिषद की मांग को स्वीकार कर लिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य रणनीतिकार शाह ने बुलढाना के मल्कापुर में रविवार दोपहर आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया था कि पटोले ने मुस्लिम आरक्षण की उलेमा काउंसिल की मांग पर सहमति जताई है। शाह ने कहा कि पटोले ने एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण समाप्त करने और इसे उलेमा काउंसिल की मांग के अनुसार मुसलमानों को देने पर सहमति जताई है।
कांग्रेस पर किया हमला :
कांग्रेस पर आगे हमला करते हुए शाह ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की वकालत करने वाले काकासाहेब कालेलकर आयोग की सिफारिशों को ठंडे बस्ते में डाल दिया था, जबकि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने मंडल आयोग की सिफारिशों को ठंडे बस्ते में डाल दिया। शाह ने कहा कि यह मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा ही थी जो पिछड़े समुदायों के लिए वास्तविक बदलाव लेकर आई। महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को होगा जबकि नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
खबर वर्ल्ड न्यूज़-बालकृष्ण साहू-रायपुर।

