khabarworld24.com – महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) ने भी रविवार को अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसे महाराष्ट्रनामा के नाम से जारी किया गया। मुख्यतः पांच गारंटी पर केंद्रित घोषणापत्र में महिलाओं को हर माह तीन हजार रुपये और बेरोजगारों को चार हजार रुपये की मदद देना शामिल है। इसके अलावा किसानों का कर्ज माफ करने, कुटुंब रक्षा स्वास्थ्य बीमा देने, जाति गणना कराने वादा भी किया गया है।
भाजपा का संकल्प पत्र जारी होने के कुछ ही देर बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने महाराष्ट्रनामा जारी करते हुए कहा, हम पांच गारंटी दे रहे हैं और यह पूरे महाराष्ट्र के कल्याण के लिए होंगी। ये सभी गारंटी समावेशिता और सहभागिता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि हमारे पास महाराष्ट्र के विकास के लिए पांच स्तंभ है जो कृषि विकास, ग्रामीण विकास, उद्योग और रोजगार, शहरी विकास, पर्यावरण और जनकल्याण पर आधारित है। खरगे ने कहा कि जाति गणना का उद्देश्य लोगों को बांटना नहीं बल्कि समुदायों को समुचित लाभ देना है। महाविकास आघाड़ी ने सत्ता में आते ही 100 दिन का एजेंडा जारी करने के साथ 2030 तक समृद्ध महाराष्ट्र बनाने का वादा किया। घोषणापत्र में राजस्थान की तर्ज पर 25 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का वादा किया गया। साथ ही कहा गया है कि तमिलनाडु की तरह यहां भी 50 फीसदी आरक्षण सीमा को हटा दिया जाएगा। घोषणापत्र जारी करने के मौके पर एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और कांग्रेस महासचिव सी. वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड उपस्थित रही।
- प्रमुख घोषणाएं
- महालक्ष्मी योजना में महिलाओं को हर माह 3,000 रुपये, मुफ्त बस सेवा, महिलाओं को साल में छह सिलिंडर 500 रुपये में देंगे।
- महिलाओं के खिलाफ अत्याचार रोकने के लिए बनाया जाएगा शक्ति कानून, 300 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वालों को 100 यूनिट मुफ्त बिजली।
- 2030 तक महाराष्ट्र को समृद्ध बनाएंगे, जाति गणना करने का भी वादा, कुटुंब रक्षा के तहत 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा, मुफ्त दवाएं भी देंगें।
- किसानों को राहत देने के लिए तीन लाख रुपये तक के कर्ज करेंगे माफ, समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों को 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि।
- युवाओं को हर महीने चार हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता देने का वादा, तमिलनाडु की तर्ज पर 50 फीसदी आरक्षण की सीमा को हटाया जाएगा।
खबर वर्ल्ड न्यूज़-बालकृष्ण साहू-रायपुर।

