khabarworld24.com- कांग्रेस शासित तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों तथा कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उस आरोप का कड़ा विरोध किया, जिसमें कहा गया था कि उनके राज्यों में चुनावी वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री पर उनके राज्य से संबंधित योजना के बारे में झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी-बड़ी निवेश परियोजनाएं महाराष्ट्र से गुजरात स्थानांतरित की जा रही हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के उनके समकक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। शिवकुमार ने कहा, ‘महायुति के नेताओं को मेरे राज्य का दौरा करना चाहिए और देखना चाहिए कि कांग्रेस की कल्याणकारी गारंटी (योजनाओं) से लोगों को किस तरह लाभ मिल रहा है।’
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा, ’10 महीनों में हमारी सरकार ने राज्य में युवाओं को 50 हजार नौकरियां दी हैं।’ उन्होंने कहा कि भाजपा के पास महाराष्ट्र में गर्व करने लायक कोई सफलता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी निवेश परियोजनाएं महाराष्ट्र से गुजरात स्थानांतरित की जा रही हैं !
खबर वर्ल्ड24-बालकृष्ण साहू-छत्तीसगढ़

