khabarworld24.com – संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने एमएसपी को कानूनी गारंटी व कर्ज माफी समेत अपनी अन्य मांगों लेकर देशव्यापी आंदोलन के लिए कमर कस ली है। संसद का सत्र 20 नवंबर से शुरू हो रहा है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। एसकेएम के मुताबिक 26 नवंबर को देश के 500 जिलों में चेतावनी रैली निकाली जाएगी। यह आयोजन वर्ष 2020 में हुए किसानों व मजदूरों के संसद मार्च की चौथी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। 26 तारीख के कार्यक्रम में किसान संगठनों के साथ साथ ट्रेड यूनियन व खेत मजदूर भी शामिल होंगे। एसकेएम के मुताबिक इस रैली के जरिए किसानों की मांगों के साथ-साथ मजदूरों, खेत मजदूरों और बटाईदार किसानों की मांगों को भी उठाया जाएगा। किसान संगठन लंबे अर्से से मांग कर रहे हैं कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी बनाया जाए और सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर हो। इसके अलावा किसानों की आत्महत्या को रोकने के लिए एक ऋण माफी योजना बने। किसानों की यह भी मांग है कि बिजली क्षेत्र का निजीकरण न किया जाए और प्रीपेड स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं।
खबर वर्ल्ड24-बालकृष्ण साहू-छत्तीसगढ़

