खबर वर्ल्ड न्यूज़-नई दिल्ली । शेयर बाजार में भारी बिकवाली के कारण सोमवार को निवेशकों की संपत्ति 5.99 लाख करोड़ रुपए घट गई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज और बैंकिंग शेयरों में कमजोरी तथा विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली जारी रहने के कारण बाजार में गिरावट आई।
तीन महीने के सबसे निचला स्तर
विदेशी कोषों की निकासी के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और बैंकों के शेयरों में जबर्दस्त बिकवाली से सोमवार को घरेलू शेयर बाजार तीन महीने के निचले स्तर पर आ गया। सेंसेक्स लगभग 942 अंक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 309 अंक फिसलकर 24,000 अंक से नीचे बंद हुआ। विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अनिश्चितता और चीन में वृद्धि तेज करने के लिए नए प्रोत्साहन उपायों की उम्मीद ने भारतीय बाजारों में बिकवाली बढ़ाने का काम किया।

