खबर वर्ल्ड न्यूज-धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि वे इस राशि का उपयोग अपने परिवार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने में भी कर रही हैं। धमतरी जिले के ग्राम श्यामतराई की निवासी नीतू साहू की कहानी इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि किस प्रकार एक छोटी आर्थिक सहायता भी परिवार की सोच और भविष्य की दिशा बदल सकती है।
नीतू साहू का जीवन मजदूरी पर आधारित है। सीमित आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उनकी सबसे बड़ी चिंता अपनी दोनों बेटियों—नित्या और जागृति—के भविष्य को सुरक्षित करना था। एक माँ होने के नाते उन्हें हमेशा इस बात की चिंता रहती थी कि बेटियों की पढ़ाई और आगे चलकर विवाह के लिए आर्थिक व्यवस्था कैसे होगी।
इसी बीच छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई महतारी वंदन योजना उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आई। योजना के अंतर्गत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। नीतू साहू ने इस राशि का समझदारी से उपयोग करते हुए अपनी दोनों बेटियों के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत पोस्ट ऑफिस भटगांव में खाते खुलवाए।
पहले आर्थिक तंगी के कारण वे साल भर में मुश्किल से एक हजार रुपये ही जमा कर पाती थीं, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि की बदौलत वे हर महीने अपनी दोनों बेटियों के खातों में 500-500 रुपये नियमित रूप से जमा कर रही हैं। इस प्रकार हर वर्ष 6000 रुपये की बचत बेटियों के भविष्य के लिए सुरक्षित हो रही है।
नीतू साहू का कहना है कि इस योजना ने उन्हें न केवल आर्थिक सहारा दिया है, बल्कि भविष्य के प्रति भरोसा भी जगाया है। उन्हें विश्वास है कि जब उनकी बेटियाँ बड़ी होंगी, तब यह बचत उनकी शिक्षा और विवाह में महत्वपूर्ण सहारा बनेगी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नीतू साहू से वर्चुअल संवाद भी किया। इस दौरान नीतू साहू ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना ने उनके जैसे हजारों परिवारों को नई उम्मीद दी है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।
नीतू साहू की यह कहानी दर्शाती है कि यदि महिलाओं को अवसर और सहयोग मिले तो वे सीमित संसाधनों में भी अपने परिवार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकती हैं। महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में बदलाव लाकर उन्हें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।
Trending
- 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूल की खेती कर विद्याधर पटेल कमा रहे लाखों रुपये
- सेवा सेतु की तत्परता से छात्रा गंगोत्री को मात्र 24 घंटे में मिला आय प्रमाण पत्र; स्कॉलरशिप आवेदन की राह हुई आसान
- सेवा सहकारी समिति में 3.38 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा, चेक में कूटरचना कर अतिरिक्त रकम निकाली; तीन गिरफ्तार
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण पर राज्य स्तरीय कार्यशाला कल
- केंद्रीय जेल रायपुर में ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित, आत्मनिर्भरता की ओर कदम
- चाकूबाजी से 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या; गुस्साई भीड़ ने नाबालिग आरोपी के घर पर किया पथराव, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
- 40 दिन बाद खत्म हुई पटवारियों की हड़ताल: CM विष्णु देव साय से चर्चा के बाद बनी सहमति, धान खरीदी और फसल सर्वेक्षण को मिली रफ्तार
- बैकुंठ चतुर्दशी पर जरूर करें ये खास उपाय, धन-संपत्ति में होगी वृद्धि, बढ़ेगा मान-सम्मान


