. कश्मीर में पिछले 36 घंटों में हुई तीन मुठभेड़ों में एक पाकिस्तानी सहित तीन आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ में 4 जवान भी घायल हो गए। श्रीनगर के खानयार में सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार सुबह आतंकियों व सुरक्षा बलों में मुठभेड़ हो गई। आतंकी एक घर में छिपे हुए थे। इसके बाद सेना ने आईईडी से घर को उड़ा दिया। इसमें एक पाकिस्तानी आतंकी मारा गया। आतंकी की पहचान उस्मान के रूप में हुई है। वह लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर था।
सेना ने मौके से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए हैं। मुठभेड़ में सीआपीएफ के दो जवान व 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं अनंतनाग में शांगुस लार्नू के जंगल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच शनिवार सुबह मुठभेड़ हो गई। सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया। इनकी पहचान जाहिद राशिद और अरबाज अहमद मीर के रूप में हुई है। दोनों को पाकिस्तान से ट्रेनिंग मिली थी। मौके पर एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका इसके साथ ही बांदीपोरा में शुक्रवार शाम से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है। यहां दो से तीन आतंकियों के मौजूद होने की आशंका है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
हमलों में तेजी की जांच करें : अब्दुल्ला
नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूख अब्दुल्ला ने कहा है कि जम्मू- कश्मीर में सरकार बनने के बाद ही आतंकी हमलों में तेजी क्यों आई है? इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकियों को गिरफ्तार कर पता लगाया जाना चाहिए कि क्या सरकार को अस्थिर करने का काम किसी एजेंसी को सौंपा है।

