KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। विदेश में रहकर पत्नी को फोन पर तीन तलाक देने के आरोप में रायपुर पुलिस ने एक व्यक्ति को नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़कर पुलिस रायपुर ले आई है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस टीम के साथ झूमाझटकी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजातालाब निवासी सय्यद अजरा ताजी की शादी वर्ष 2008 में चौरसिया कॉलोनी निवासी शाहिद रजा से हुई थी। विवाह के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। कुछ वर्षों पहले शाहिद रोजगार के सिलसिले में कुवैत चला गया था, जहां वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
पीड़िता का आरोप है कि विदेश जाने के बाद शाहिद न तो घर लौटा और न ही पत्नी और बच्चों को अपने साथ रखने की कोई पहल की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले शाहिद ने कुवैत से फोन कर उससे बातचीत की। बातचीत के दौरान उसने कथित रूप से गाली-गलौज की और विवाद बढ़ने पर फोन पर ही तीन बार तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही। साथ ही पत्नी के रूप में स्वीकार करने से भी इंकार कर दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भारत लौट आया है। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से उसका लोकेशन महाराष्ट्र के नागपुर में मिला। इसके बाद रायपुर पुलिस की विशेष टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने विरोध करते हुए झूमाझटकी की। वहीं उसकी मां एक नाबालिग बच्ची को लेकर मौके से चली गई, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि मामले की आगे की जांच की जा रही है।


