KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l आईसीएआई की रायपुर शाखा, सीआईआरसी द्वारा पहली बार रायपुर में आईसीएआई दीक्षांत समारोह 2026 का सफल आयोजन किया गया। यह अवसर शाखा एवं चार्टर्ड अकाउंटेंसी समुदाय के लिए गर्व और यादगार क्षण साबित हुआ।

यह अवसर इसलिए भी ऐतिहासिक रहा क्योंकि रायपुर शाखा के इतिहास में पहली बार किसी महिला अध्यक्ष ने नेतृत्व किया तथा पहली बार रायपुर शाखा को दीक्षांत समारोह आयोजित करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दीक्षांत समारोह का संपूर्ण उद्बोधन एवं संचालन रायपुर शाखा की प्रथम महिला अध्यक्षा सीए रश्मि वर्मा द्वारा किया गया।
इस समारोह में लगभग 125 न्यूली क्वालिफाइड चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने भाग लिया और उन्होंने गणमान्य अतिथियों, वरिष्ठ पेशेवरों, गर्वित अभिभावकों एवं परिवारजनों की उपस्थिति में अपनी सदस्यता प्रमाण-पत्र प्राप्त किए।
समारोह के मुख्य अतिथि सीए मनोज फडनिस थे तथा कार्यक्रम का समन्वयन सीए दिनेश कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया।
समारोह की शुरुआत अध्यक्षा सीए रश्मि वर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुई, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं परिवारजनों का स्वागत किया तथा रायपुर में पहली बार दीक्षांत समारोह आयोजित होने के महत्व पर प्रकाश डाला।
सभा को संबोधित करते हुए सीए मनोज फडनिस ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए और न्यूली क्वालिफाइड चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सफल पेशेवर जीवन के लिए नैतिक मूल्यों, ईमानदारी, व्यावसायिकता एवं निरंतर सीखते रहने के महत्व पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम का समापन सचिव सीए ऋषिकेश यादव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में रायपुर शाखा के सभी सदस्यों सीए रवि जैन, सीए संस्कार अग्रवाल एवं सीए विकास गोलछा का विशेष योगदान रहा। सभी ने भरपूर प्रयास एवं सहयोग देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।


