*सामान्य सभा की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने पर दिया गया जोर*
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली l जिला पंचायत के सभा कक्ष में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर सहित सदस्यों की उपस्थिति में जिले में विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने बताया कि बैठक में 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत जिला पंचायत को प्राप्त निधि के उपयोग तथा विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। सदस्यों द्वारा क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।बैठक में वीबी जी राम जी के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों को भी विभिन्न योजनाओं के साथ कन्वर्जेंस (अभिसरण) के माध्यम से संचालित किए जाने पर चर्चा हुई। जिला पंचायत के सभी उपस्थित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति एवं सदस्यों ने 16वें वित्त आयोग की निधि से विभिन्न योजनाओं के कार्यों के साथ वीबी जी राम जी के कार्यों के कन्वर्जेंस के लिए सहमति प्रदान की।
सदस्यों ने कहा कि योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय एवं अभिसरण से उपलब्ध निधियों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को गति मिलेगी। इससे ग्रामीण अधोसंरचना, रोजगारपरक गतिविधियों तथा आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं के विस्तार में भी सहायता मिलेगी।बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं एवं जनहित से जुड़े विषयों को बैठक में रखा और उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल किए जाने की बात कही।


