स्कूली बच्चों को बाल संरक्षण एवं अधिकारों के लिए किया गया जागरूक
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। कलेक्टर राहुल देव के निर्देशानुसार जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा नगर पालिका शासकीय उच्च. माध्यमिक विद्यालय मुंगेली में ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’’ के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों के सहयोग से स्वच्छता अभियान और हाथ धुलाई कार्यक्रम को एक उत्सव के रुप में मनाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना और गंदे एवं कचरे ढेर जमा स्थानों की सफाई करना है।
चाईल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक उमाशंकर कश्यप ने बताया कि कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के अनुसार 06 चरणों में हाथ धुलाई, स्वयं एवं अपने आसपास को साफ-सफाई रखने, चाईल्ड हेल्पलाइन 1098, किशोर न्याय (बालकों के देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012, दत्तक ग्रहण, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड, बाल विवाह, बाल श्रम और गुड टच एवं बैड टच के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही नशे से दूर रहने के लिए बच्चों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थीगण मौजूद रहे।

