खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। जिले के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या की कड़ी निंदा करते हुये कहा कि प्रदेश में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं है। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था अब असहनीय हो चुकी है। राजधानी से शुरू हुआ हत्याओं का खौफनाक मंजर अब बस्तर तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री की बस्तर में मौजूदगी के दौरान ही जगदलपुर में एक चिकित्सक की पत्नी की हत्या हो गयी। प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था का शिकार अब लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी हो रहा है।
पत्रकार को अपनी निष्पक्ष पत्रकारिता की कीमत जान देकर चुकानी पड़ रही है। पत्रकार का शव साय राज में सेप्टिक टैंक में मिल रहा है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फेसबुक में किए अपने पोस्ट में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की अपने साथ के फाेटाे शेयर करते हुए लिखा है कि मुकेश के साथ जो हुआ है, वह बेहद दुर्भाग्यजनक है। सिर्फ शब्दों में निंदा करने से क्षति और असुरक्षा का समाधान नहीं हो सकता । सरकार से अनुरोध है कि त्वरित जांच हो, दोषियों पर कार्रवाई हो और ऐसी नज़ीर पेश हो कि अपराधियों में संदेश जाए. साथ ही मुकेश के परिवार का ध्यान रखने के लिए सरकार को आर्थिक सहायता, नौकरी पर भी निर्णय लेना चाहिए।
वहीं भाजपा ने मुकेश चंद्राकर हत्या के तार कांग्रेस नेता से जुड़े होने का दावा करते हुए भाजपा ने ‘कांग्रेस का हाथ अपराधियों के साथ’ टैगलाइन के साथ पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में आरोपी सुरेश चंद्राकर की छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ फोटो सोशल मीडिया में एक्स शेयर करते हुए लिखा कि कांट्रेक्टर है या कांग्रेसी कॉन्ट्रैक्ट किलर ? मुकेश की हत्या का मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर की पीसीसी चीफ दीपक बैज से घनिष्ठता जगजाहिर है। बैज ने ही उसे कांग्रेस पार्टी के एससी मोर्चा के प्रदेश सचिव के पद से नवाजा है। हत्यारी कांग्रेस राहुल गांधी जवाब दो? एक्स पर पाेस्ट किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकार मुकेश की हत्या पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा बीजापुर के युवा और समर्पित पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मुकेश जी का जाना पत्रकारिता जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस घटना के अपराधी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने के निर्देश हमने दिए हैं।
पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के बाद उनके आखिरी दर्शन एवं श्रद्धांजलि देने आज शनिवार सुबह वन मंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप पहुंचे। ग़मगीन माहौल में परिजनों को ढाढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि इस नृशंस हत्या की घटना से मन व्यथित है, मन भारी है लेकिन भाजपा का परिवार पत्रकार के साथ है, न्याय ज़रूर मिलेगा।आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनिय है कि एनडीटीवी के रिपाेर्टर एवं बस्तर जंक्शन’ नाम से अपना यूट्यूब चैनल चलाने वाले पत्रकार मुकेश चंद्राकर बस्तर में 120 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण परियोजना में कथित अनियमितताओं को उजागर करते हुए ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के खिलाफ एक रिपोर्ट जारी करने के बाद मुकेश 1 जनवरी की रात ठेकेदार सुरेश के भाई रितेश से मिलने गए थे, और इसके बाद से ही वह लापता हो गए थे। मुकेश का फोन लगातार बंद बताने के बाद उनके बड़े भाई युकेश चंद्राकर ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने छानबीन शुरू की और दूसरे दिन पत्रकार मुकेश चंद्राकर का शव स्थानीय सड़क ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के परिसर में एक सेप्टिक टैंक से बरामद किया। पत्रकार मुकेश चंद्राकर की रिपोर्ट जारी हाेने के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की गतिविधियों की जांच शुरू की थी। इस मामले में ठेकेदार सुरेश चंद्राकर दो भाई रितेश चंद्राकर और दिनेश चंद्राकर तथा एक मजदूर को गिरफ्तार किया किया जा चुका है। सुरेश को हैदराबाद और रितेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता से पटवारियों की हड़ताल स्थगित
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन में हुए शामिल
- अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति ने मोहा दिल्लीवासियों का मन
- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों व ताम्रपत्रों का प्रदर्शन
- कांकेर जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई: 1237 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत 16 प्रकरण दर्ज
- दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण के निर्देश- मंत्री केदार कश्यप
- दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ, 1 हजार 58 खिलाड़ी दिखा रहे खेल प्रतिभा
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेशवासी सभी त्योहार हर्षोल्लास से मना रहें हैं- मंत्री लखनलाल देवांगन

