नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में आज भारतीय टीम की नजर जीत का चौका लगाने पर होगी। टूर्नामेंट के 30वें मुकाबले में भारतीय टीम कनाडा से भिड़ने के लिए तैयार है। यह मैच फ्लोरिडा के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम टर्फ ग्राउंड में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने अब तक हार का स्वाद नहीं चखा है। ऐसे में आज मैन इन ब्लू की कोशिश जीत दर्ज कर सुपर 8 का आगाज करने पर होगी।
टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को 8 विकेट से रौंदा था। दूसरे मैच में भारतीय टीम ने लो स्कोरिंग मुकाबले में पाकिस्तान को 6 रन से मात दी थी। इसके बाद अपने पिछले मैच में रोहित शर्मा की सेना ने मेजबान अमेरिका को 7 विकेट से पटखनी दी थी। अब टीम की कोशिश लगातार चौथी जीत अपने नाम करने पर है। आइए जानते हैं कि कनाडा के खिलाफ मैच कब और कहां खेला जाएगा। साथ ही फैंस इस मैच को फ्री में कैसे देख सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत और कनाडा के बीच मैच शनिवार, 15 जून को रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार) से खेला जाएग। साथ ही टॉस 7:30 बजे होगा।टी 20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत और कनाडा का मैच फ्लोरिडा के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम टर्फ ग्राउंड में खेला जाएगा।

