खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कुटरू व फरसेगढ़ थाना की संयुक्त बल कुटरू थाना क्षेत्र के तेलीपेटा व पाताकुटरू की ओर अभियान पर निकली थी। इसी दौरान तेलीपेटा से आगजनी की वारदात में शामिल सीएनएम सदस्या शांति कुरसम निवासी कोपनझर्री थाना फरसेगढ़ को तेलीपेटा से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार महिला नक्सली सीएनएम सदस्या शांति कुरसम फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के आलवाड़ा क्षेत्र में 15 दिसंबर 2020 को सड़क निर्माण कार्य मे लगे वाहन एवं मशीनरी में आगजनी की घटना में शामिल थी। उसके खिलाफ फरसेगढ़ थाना में एक स्थाई वारंट लंबित है। बीजापुर पुलिस अधीक्षक ने उक्त महिला नक्सली की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार का इनाम उद्धोषित किया। गिरफ्तार महिला नक्सली के खिलाफ फरसेगढ़ थाना में वैधानिक कार्यवाही के बाद न्ययालय बीजापुर के समक्ष पेश किया गया है।

