नई दिल्ली। 11 अप्रैल को ईद वाले दिन रिलीज हुई अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ स्टारर फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ को लोगों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि, जिस तरह से लोगों के बीच इस मूवी का एक अच्छा-खासा हाइप बना हुआ था, उस तरह से यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर परफॉर्म नहीं कर पा रही है।
अपने ओपनिंग डे पर अच्छी कमाई करने के बाद भी अब यह मूवी सिनेमाघरों में दर्शकों को अपनी तरफ नहीं खींच पा रही है। हालांकि, दूसरे दिन इसकी कमाई में गिरावट हुई थी। अब यह मूवी धीरे-धीरे कछुए की चाल चलते हुए आगे बढ़ रही है। ऐसे में अब इसके चौथे दिन का कमाई का आंकड़ा सामने आ गया है।
अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ लगभग 350 करोड़ के बजट में बनी है। हालांकि, यह मूवी अपनी बजट जितनी कमाई करने में काफी टाइम ले सकती है। इस मूवी ने अपने पहले दिन 15.65 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, दूसरे दिन इसकी कमाई सिर्फ 7.50 करोड़ रुपये हुई थी।
इसके बाद फिल्म ने शनिवार को 8.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में उम्मीदें लगाई जा रही थीं कि फिल्म को रविवार का फायदा मिल सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘बड़े मियां छोटे मियां’ ने रिलीज के चौथे दिन सिर्फ 9 करोड़ का कलेक्शन किया है।
ऐसे में अभी तक इस फिल्म की कुल कमाई 40.75 करोड़ रुपये हो गई है। हालांकि, यह अभी शुरुआती आंकड़े ही हैं। इनमें शायद सुबह तक बदलाव भी हो सकता है।
50 करोड़ के बेहद करीब
अगर, अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ नॉन वीकेंड में भी इसी तरह कमाई करती है, तो मूवी लगभग आने वाले दो दिन में 50 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है।

