नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर एक बड़ा हादसा हो गया। मुंबई में उनके गैलेक्स अपार्टमेंट के बाहर रविवार सुबह फायरिंग हुई। इस हादसे को देखते हुए एक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से सलमान खान के घर के बाहर हुए इस हादसे को कन्फर्म किया गया है। इससे जुड़ा एक वीडियो काफी सर्कुलेट हो रहा है। हमला करने वाले दो लोग थे, जो बाइक से आए थे। हादसे की जानकारी होते ही मुंबई पुलिस मौके पर इन्वेस्टिगेशन के लिए पहुंच गई।
इसकी जानकारी सामने नहीं आई है कि हादसे के वक्त सलमान खान घर में थे या नहीं। मुंबई पुलिस की ओर से स्टेटमेंट जारी किया गया है कि उन्हें तीन राउंड फायरिंग की घटना की जानकारी मिली। मौके पर क्राइम ब्रांच की टीम मौजूद है।
सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। कुख्यात गैंग्सटर लॉरेंस बिश्नोई कई बार एक्टर को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।
सलमान खान के पास फिलहाल वाई प्लस सुरक्षा है। पिछले साल एक्टर के ऑफिस में एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। सलमान के करीबी प्रशांत गुंजालकर को रोहित गर्ग से धमकी भरा मेल मिला था।

