खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। जिले के सदर बाजार स्थित चारामा के स्टेट बैंक में पार्षद बिहारी देवांगन के पुत्र के थैले से डेढ़ लाख की उठाईगिरी को सफाई के साथ अंजाम देकर आरोपी चंपत हो गया। आरोपी द्वारा पार्षद के पुत्र के थैले से रुपये निकालने की वारदात बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी में आरोपी थैले से रुपये निकालते नजर आ रहा है। पुलिस सीसीटीवी में दिख रहे उठाईगीर के आरोपी की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चारामा के सदर बाजार स्थित स्टेट बैंक में नगर पंचायत चारामा के पार्षद बिहारी देवांगन का पुत्र विकास देवांगन रुपये जमा करने आज शुक्रवार दोपहर में बैंक पहुंचा था। जहां पहले से घात लगाकर मौजूद आरोपी उठाईगीर ने बड़ी सफाई से पार्षद के पुत्र के थैले से 1.5 लाख रुपए निकाल लिए। सीसीटीवी कैमरे में आरोपी वारदात को अंजाम देते नजर आ रहा है। आरोपी पहले से बैंक में ही मौजूद है, आरोपी कैश काउंटर के सामने लगी लाइन में शामिल हो जाता है। इसके बाद पार्षद का पुत्र विकास बैंक कर्मचारी से बात करते हुए हाथ में रखा थैला पीछे की ओर करता है। इसका फायदा उठाते हुए आरोपी विकास के थैले से रुपए निकाल कर अपने थैले में डालते हुए भागता नजर आ रहा है।
कांकेर एसडीओपी मोहसिन खान ने बताया की चारामा निवासी युवक विकास 2.5 लाख रुपये स्टेट बैंक में जमा करने गया था। आरोपी उठाईगीर ने विकास के कर्मचारी के साथ बातचीत करने के दौरान थैले में रखे 1.5 लाख रुपये निकालकर भाग गया। सीसीटीवी में आरोपी दिखाई दे रहा है, बैंक के कुछ कैमरे बंद हैं। आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है, जांच की जा रही है। आस-पास के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है।

