नई दिल्ली। अयोध्या, रामलला के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है। सोमवार (22 जनवरी) को पूरा भारत वो नजारा देखेगा, जिसकी उन्हें बरसों से आस थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे। पूरा देश राम के रंग में रंगा नजर आ रहा है। इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं।
प्राण प्रतिष्ठा के लिए ‘राम एंथम’ तैयार
भगवान राम के अपनी जन्मस्थली में स्वागत के लिए तमाम गाने तैयार किए गए हैं। पीएम मोदी ने रविवार को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स (पहले ट्विटर) पर भगवान राम के आगमन पर बने गानों को शेयर किया। उन्होंने मशहूर सिंगर शंकर महादेवन, शान, आकृति कक्कड़, कैलाश खेर की आवाज में सजे ‘राम एंथम’ को शेयर किया।
पीएम मोदी ने इस सॉन्ग को शेयर करते हुए लिखा, ‘रामलला के आगमन को लेकर हर तरफ उनके भक्तों के जोश भरे उद्गार देखने को मिल रहे हैं। इस अवसर से जुड़ा यह गीत इसी भावना को अभिव्यक्त करता है।’
‘हे भारत के राम, पधारो अपने धाम’
इस गाने को शंकर महादेवन ने भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा, ‘ऐतिहासिक राम मंदिर के उद्घाटन के शुभ अवसर पर, समीरजी द्वारा लिखा गया ‘हे भारत के राम, पधारो अपने धाम’ गीत के साथ प्रभु श्रीराम का स्वागत करें।’
भगवान राम के लिए बने ये गाने भी
भजन गाने के लिए मशहूर अनुराधा पौडवाल ने भी भगवान राम के आगमन के लिए गाना तैयार किया है। पीएम मोदी ने उनसे जुड़ा गीत भी शेयर किया। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर जिस तरह की भावना उमड़ पड़ी है, वो अभिभूत करने वाली है।’ अनुराधा पौडवाल द्वारा गाया गया यह गाना ‘रामलला घर आ गए’ नाम से यूट्यूब पर अवेलेबल है।
तमिल सिंगर ने भी श्रीराम के लिए गाया गाना
भगवान राम के अयोध्या आगमन के लिए एक और गाना तैयार किया गया है। इसे तमिल सिंगर भार्गवी वेंकटराम ने गाया है। इस गाने का नाम है ‘रामानई भाजीथाल’, जिसे सुनन वालों के पसंद भी किया है।
फैंस ने की तारीफ
शंकर महादेवन के ‘राम एंथम’ को सुन हर फैन ने तारीफ की है। लोगों ने कहा कि यह गाना खूबसूरत तरीके से गाया और डायरेक्ट किया गया है। फैंस ने ‘जय श्री राम’ लिखकर इस गाने के जरिये रामलला के लिए अपनी भक्ति दिखाई है।

