ग्राम दातरेनगा में स्वास्थ्य सेवा के नाम पर चल रहा है धोखे का खेल
खबर वर्ल्ड न्यूज-सुरेंद्र सोनी-रायपुर। रायपुर जिले के दातरेनगा में एक ऐसा व्यक्ति खुद को “डॉक्टर” कहता है, जिसने मात्र ईलेकट्रो होमोयो तक की पढ़ाई की है। नाम है नोहार तारक लेकिन गांववालों के बीच ये खुद को “अव्वल नंबर का डॉक्टर” बताता है — जबकि सच्चाई ये है कि उसके पास न कोई मेडिकल डिग्री है, न ही स्वास्थ्य विभाग की कोई मान्यता।
इस कथित डॉक्टर के क्लिनिक की हालत देखेंगे तो समझ में आ जाएगा कि कैसे सफाई और स्वास्थ्य जैसे शब्द वहां कोई मायने नहीं रखते। गंदगी का आलम यह है कि अस्पताल कम और मवेशियों का बाड़ा ज़्यादा लगता है। वहां इलाज के नाम पर जो कुछ होता है, वो न केवल असुरक्षित है बल्कि कई बार जानलेवा भी साबित हो सकता है।
गांव के कई ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नोहर मामूली बुखार से लेकर गंभीर बीमारियों तक का इलाज खुद ही कर डालता है। न जांच, न परामर्श, और न ही किसी योग्य डॉक्टर से सलाह—सिर्फ अंदाज़ और पुराने नुस्खों के आधार पर दवाइयाँ थमा दी जाती हैं। कुछ मरीज तो ऐसे भी हैं जो उसके इलाज से बिगड़कर और गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल पहुँचाए गए।
सबसे चिंताजनक बात ये है कि इस कथित डॉक्टर के पास उपयोग की जा रही दवाओं की वैधता पर भी सवाल खड़े होते हैं। एक्सपायरी दवाएं, खुले में रखी इंजेक्शन की बोतलें, बिना लेबल की गोलियाँ—इन सबका इस्तेमाल खुलेआम हो रहा है। न तो किसी रेफ्रिजरेशन की व्यवस्था है, न कोई स्टरलाइज़ उपकरण।
चंद पैसों के लालच में नोहर न तो मरीज की उम्र देखता है, न ही लक्षणों की गंभीरता—बस अपने आपको ‘बड़ा डॉक्टर’ साबित करने की होड़ में जान से खिलवाड़ कर रहा है।


