नई दिल्ली। आयुष्मान भारत योजना के बुधवार को आठ साल पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इससे देश के 60 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए तक की हेल्थ कवरेज मिली है, जो कि इसे दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थकेयर स्कीम बनाती हैं।
आयुष्मान भारत के सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “आठ साल पहले, आयुष्मान भारत की शुरुआत इस सोच के साथ की गई थी कि हर भारतीय को बेहतरीन और किफायती हेल्थकेयर मिल सके।
आज, 60 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को सालाना 5 लाख रुपए का हेल्थ कवर मिल रहा है, जिससे यह दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थकेयर स्कीम बन गई है। इसने इलाज के खर्च में रिकॉर्ड बचत मुमकिन बनाई है, जिससे गरीबों और मध्यम वर्ग को फायदा हुआ है।
हेल्थकेयर हर घर के करीब पहुंच रही है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अब तक 500 करोड़ से ज्यादा विजिट दर्ज की जा चुकी हैं, जिससे जमीनी स्तर पर प्राइमरी हेल्थकेयर मजबूत हुई है।” वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 साल पहले ‘सेवा का संकल्प’ लिया था, जिसने लाखों लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बदल दिया है। आज ‘आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई’ — जो दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है — देश भर में आधा अरब से ज्यादा लोगों को कवर करती है।
60 करोड़ से ज्यादा लोगों को कवर करने, 48.54 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाने और 13 करोड़ से ज्यादा लोगों के इलाज का लाभ उठाने के साथ, यह योजना पूरे भारत में परिवारों के लिए अच्छी क्वालिटी की हेल्थकेयर और आर्थिक सुरक्षा के वादे को हकीकत में बदल रही है।
देश भर में 39,000 से ज्यादा सूचीबद्ध सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के जरिए 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का हॉस्पिटलाइजेशन और इलाज का लाभ उठाया गया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों परिवारों के लिए बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाया है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए यह योजना इलाज के खर्च की चिंता कम कर, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का संबल बनी है।”
Trending
- चयन ट्रायल के बाद छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए 130 खिलाड़ी शॉर्टलिस्टेड
- राज्योत्सव स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में की चर्चा
- खेल और खिलाडिय़ों की तरक्की के लिए छत्तीसगढ़ सरकार प्रतिबद्ध – अरुण साव
- नई दिल्ली राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल हुए मंत्री रामविचार नेताम
- पारस पोर्टल से योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, अंतर्विभागीय समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- एशियन गेम्स में भारत की बेटियों का स्वर्णिम प्रदर्शन देश के लिए गौरव का क्षण : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त और विकसित भारत का हो रहा निर्माण : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- नगरपालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम/उप निर्वाचन दिसंबर 2026 के लिए निर्वाचक नामावली कार्यक्रम जारी


