बोड़गा-ताकिलोड में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर, रात के अंधेरे में भी ग्रामीणों की सेवा में जुटी रही स्वास्थ्य टीम
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी ग्राम बोड़गा और ताकिलोड में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प निभाया। कच्ची और दुर्गम सड़कों से गुजरते हुए तथा रात्रि में पैदल इंद्रावती नदी पार कर स्वास्थ्य अमला ग्रामीणों की सेवा के लिए गांव तक पहुंचा। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों का उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में कुल 405 मरीजों का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 21 मलेरिया, 70 बुखार, 2 टीबी, 2 कुष्ठ रोग, 5 मोतियाबिंद और 10 खुजली के मरीज मिले। वहीं 179 लोगों की बीपी एवं शुगर जांच की गई तथा 53 अन्य मरीजों का भी उपचार किया गया। इसके अलावा 8 गर्भवती माताओं और 12 बच्चों का टीकाकरण किया गया।
रात 2 बजे सर्पदंश की सूचना, तत्काल अस्पताल पहुंचाया
स्वास्थ्य अमले की तत्परता उस समय भी सामने आई, जब रात करीब 2 बजे ग्राम झिल्ली में सर्पदंश की सूचना मिली। सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति को झाड़-फूंक कराया जा रहा था। सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ. बी.आर. पुजारी एवं बीएमओ की उपस्थिति में पीड़ित को तत्काल अस्पताल लाकर उपचार शुरू कराया गया। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से मरीज को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सका।शिविर में डॉ. आदित्य साहू, डॉ. रमेश, BETO बी.आर. कोर्राम, CHO लोकेश, चिरंजीव, सोहन, निशा, पायल, फील्ड कोऑर्डिनेटर सुलोचना, RHO रमेश, रेणुका, बलराम, अतुल, नीलम तथा MT अजय सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।
दुर्गम रास्तों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा गांव तक पहुंचकर ग्रामीणों को उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य सेवा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।


