जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
विधायक ने योगाभ्यास भवन के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, शैलेश पाठक, कोटूमल दादवानी,सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। योगाचार्य विवेक केशरवानी, पुरुषोत्तम जायसवाल एवं अन्य प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में नियमित योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए सभी को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई।
इस अवसर पर विधायक मोहले ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने योगाभ्यास के लिए समर्पित भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही योगाचार्यों एवं प्रशिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष पांडेय ने सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ समाज की मजबूत नींव बताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मानव शरीर अमूल्य है और इसे स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने के लिए नियमित योग आवश्यक है। उन्होंने नकारात्मकता से दूर रहकर स्वस्थ, स्वच्छ और प्रसन्न मुंगेली के निर्माण में सभी से सहभागी बनने का आह्वान किया। वनमंडलाधिकारी कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली धरोहर है, जो मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। कार्यक्रम में योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योगाचार्यों एवं प्रशिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे।


