खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। जिले के सुदूर और संवेदनशील ग्रामीण इलाकों में प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी ने एक बार फिर ग्रामीणों में भरोसे और उत्साह का माहौल देखने काे मिला। आज शुक्रवार काे बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने ग्राम पंचायत सागमेटा, सण्ड्रा, एडापल्ली और पीलूर पहुंचकर जन चौपाल लगाई तथा ग्रामीणों की समस्याएं जमीन पर बैठकर गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों के गांव पहुंचने से ग्रामीणों ने प्रशासन को अपने बीच पाकर खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। कलेक्टर विश्वदीप गांव के युवाओं के साथ क्रिकेट मैदान में उतरे। कलेक्टर ने युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें खेल, शिक्षा तथा सकारात्मक सोच के जरिए जिले के विकास में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीजापुर के विकास और सकारात्मक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत यहां के युवा हैं।
जन चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, राशन वितरण, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, आवागमन और अन्य मूलभूत जरूरतों से जुड़े मुद्दे उठाए। बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी भी सुविधा के लिए भटकना न पड़े। कलेक्टर ने “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम के शत-प्रतिशत सैचुरेशन पर विशेष जोर देते हुए पात्र ग्रामीणों को जरूरी दस्तावेज सरलता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर बल दिया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की भी समीक्षा की और ग्रामीणों को इसके महत्व से अवगत कराया। ग्रामीणों से जनगणना में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सही आंकड़े ही विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार बनते हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने ग्रामीणों से संवाद कर सुरक्षा, सामाजिक सहभागिता और आपसी विश्वास को मजबूत बनाने की बात कही। वहीं जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता से पटवारियों की हड़ताल स्थगित
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन में हुए शामिल
- अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति ने मोहा दिल्लीवासियों का मन
- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों व ताम्रपत्रों का प्रदर्शन
- कांकेर जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई: 1237 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत 16 प्रकरण दर्ज
- दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण के निर्देश- मंत्री केदार कश्यप
- दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ, 1 हजार 58 खिलाड़ी दिखा रहे खेल प्रतिभा
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेशवासी सभी त्योहार हर्षोल्लास से मना रहें हैं- मंत्री लखनलाल देवांगन


