खबर वर्ल्ड न्यूज़-रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ व योग लंगर समिति भिलाई
द्वारा दो दिवसीय परमहंस स्वामी सत्यानंद जी की स्मृति में दो दिवसीय
राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन 26 अक्टूबर एवं 27 अक्टूबर को
प्रगति भवन सिविक सेंटर भिलाई नगर में किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 अक्टूबर को अतिथि डॉक्टर मानवेंद्र जंघेल
अस्थि रोग विशेषज्ञ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हर्ष मंत्री
करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक महेशवरी, टी. आर.
देवांगन, उल्लास कोपुलवार, अरुण पंडा शामिल होंगे। इस प्रतिस्पर्धा में
14 जिलों से ढाई सौ खिलाडिय़ों के भाग लेने की संभावना है।
वहीं इस प्रतियोगिता के समापन समारोह 27 अक्टूबर को होगा जिसके मुख्य
अतिथि सेफी के अध्यक्ष एवं बीएसपी ऑफिसर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नरेन्द्र
बंछोर होंगे। कार्यक्रम के अध्यक्षत जहां प्रदीप कुमार दुबे होंगे वही
विशिष्ट अतिथि के रूप में डी.के.महांती,अशोक महेश्वरी और अरुण पंडा शामिल
होंगे।
आज शाम भिलाई में जगजीत सिंग नाईट संगीत कार्यक्रम का आयोजन
भिलाई। भिलाई इस्पात सयंत्र के क्रीडा सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ
विभाग द्वारा महात्मा गाँधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में 26 अक्टूबर 2024
शनिवार को जगजीत सिंह नाईट संगीत कार्यक्रम का आयोजन संध्या 7:30 बजे से
किया जा रहा है। आयोजन में मुंबई से अंतर्राष्ट्रीय वायलीन वादक, संगतकार
व गायक दीपक पंडित व भिलाई के प्रख्यात गायक प्रभंजय चतुर्वेदी अपने
सुरों की छठा बिखेरकर संगीत सुधियों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
मूर्धन्य कलाकार स्व. जगजीत सिंह जी को समर्पित इस आयोजन में उनके गजल के
कायनात को पेश किया जायेगा। आयोजन में प्रभंजय चतुर्वेदी गजल की तमाम
बानगियों और खूबसूरती को अपने विशेष अंदाज़ में पेश करेंगे। इसके साथ ही
दीपक पंडित अपने सम्मोहक वायलीन वादन व गजल गायकी से गजल की नायाब दुनिया
को पेश करेंगे। कार्यक्रम में संगतकार के रूप में तबले पर भालचंद्र
शेगेकर व रामचंद्र सर्पे, की-बोर्ड पर दिलीप शर्मा, ढोलक परभगवत साहू,
ऑक्टोपेड पर देवव्रत मजूमदार व दीपंकर दास, बांसुरी पर दुष्यंत हरमुख
उपस्थित रहेंगें। भिलाईनगर के गजल व संगीतप्रेमी इस आयोजन में सादर
आमंत्रित है। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतया नि:शुल्क है।
एसबीएस हॉस्पिटल में नि:शुल्क डायलिसिस सेवा दिवाली से लेकर क्रिसमस तक
भिलाई। फल मंडी पॉवर हाउस के पास में स्थित श्री बीरा सिंह
मल्टीस्पेशिलिस्ट हॉस्पिटल में मरीजों के लिए नि:शुल्क डायलिसिस सेवा
दिवाली से लेकर क्रिसमश तक प्रदान की जायेगी। आगामी त्यौहार को देखते हुए
मरीजों के प्रियजनों के स्वास्थ्य का ध्यान हमारे अस्पताल की पहली
प्राथमिकता है, जिसे भी इस सुविधा की आवश्यकता हो वे बेझिझक इस हॉस्पिटल
में आकर इसका लाभ ले सकते हैँ। उक्त जानकारी अस्पताल प्रबंधन ने दी। हाल
ही में इस अस्पताल को सबसे स्वच्छ होने पर गत दिवस कला मंदिर में आयोजित
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका के हाथों इस हॉस्पिटल के डायरेक्टर
इन्द्रजीत सिंह छोटू को पुरस्कृत किया गया है। इन्द्रजीत सिंह लगातार
सामाजिक दायित्वों को बखूबी निभाकर लोगों के सुख दुख में काम आ रहे है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग एवं भारत स्काउट एवं गाइड
जिला संघ, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल,
सेक्टर- 4 शाला भवन में आयोजित स्काउट्स और गाइड्स का तीन दिवसीय शिविर
का समापन 25 अक्टूबर को हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में
मुख्य महाप्रबंधक नगर प्रशासन एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व उत्पल
दत्ता उपस्थित थे। 23 अक्टूबर 2024 से प्रारंभ इस रैली में 9 बीएसपी
स्कूलों के 226 छात्र शामिल हुए।
मुख्य अतिथि श्री दत्ता ने प्रतिभागी छात्रों के टेंट पिचिंग का निरीक्षण
किया और गाइडस् द्वारा निर्मित रंगोली एवं हस्त कार्य की सराहना की।
उन्होंने स्काउट एवं गाइड के विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों की प्रशंसा
करते हुए कहा कि यह आपके जीवन निर्माण करने की एक प्रयोगशाला है। स्काउट
एवं गाइड के नियम एवं सिद्धांत सार्वकालिक हैं। इन सिद्धांतों को अपना कर
हम निश्चित रूप से एक सुदृढ़ समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सहायक
बनेंगे। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता स्काउट एवं
गाइड को तथा सर्वश्रेष्ठ स्काउट, सर्वश्रेष्ठ गाइड तथा सर्वश्रेष्ठ दल को
पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम का प्रारंभ में जिला आयुक्त स्काउट एवं भिलाई विद्यालय
सेक्टर-2 के प्राचार्य विजय सिंह पवार ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते
हुए शालाओं में स्काउट एवं गाइड की वार्षिक गतिविधियों का विस्तार से
विवरण दिया।
इस तीन दिवसीय रैली के दौरान स्काउट्स और गाइड द्वारा न्यूनतम उपलब्ध
संसाधनों के साथ रहने का अनुभव लिया तथा स्काउट-गाइड के कला कौशल की
प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। पहले दिन में स्थल साज-सज्जा, स्काउट आंदोलन,
गांठों और लाठियों के साथ पायनियरिंग, स्काउट-गाइड गीत और नियम प्रतिज्ञा
एवं कलर-पार्टी परेड कौशल का परीक्षण हुआ। दूसरे दिन प्राथमिक चिकित्सा,
बीपी-6, मेमोरी टेस्ट, ड्रिल, समूह नृत्य, कुकिंग प्रतियोगिताओं का
परीक्षण हुआ। तीसरे दिन रंगोली, हैंडवर्क, टेंट पिचिंग का परीक्षण हुआ।
महाप्रबंधक शिक्षा श्रीमती शिखा दुबे ने स्काउट्स/गाईड्स को उज्जवल
भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए इस तीन दिवसीय रैली में सीखी हुई बातों,
अनुशासन, सहयोग की भावना, अपना काम स्वयं करने की आदत आदि को दैनिक जीवन
एवं आचरण में ढालने के लिए प्रेरित किया।
इस त्रिदिवसीय रैली की प्रतियोगिताओं के मूल्यांकनकर्ताओं को भी मुख्य
अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। समापन समारोह में बीएसपी सीनियर
सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 एवं भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के स्काउट-गाइड ने
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। ईएमएमएस सेक्टर-1 के
स्काउट-गाइड द्वारा एक ड्रिल प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद, उप महाप्रबंधक खेल-शिक्षा, श्रीमती रूबी
बर्मन रॉय, प्रिंसिपल बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-7, विजय सिंह
पवार, जिला आयुक्त स्काउट एवं प्राचार्य भिलाई विद्यालय सेक्टर-2,
श्रीमती सरिता शाक्या जिला सचिव एवं वरिष्ठ व्याख्याता भिलाई विद्यालय,
सेक्टर-2, श्रीमती वी.आर. कटियार उप-प्रबंधक शिक्षा, अशोक सिंह उप
प्रबंधक शिक्षा तथा विभिन्न बीएसपी स्कूलों के प्रमुख भी उपस्थित थे।
जिला आयुक्त गाइड एवं बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 की
प्राचार्य श्रीमती सुमिता सरकार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का
संचालन श्री मनीष तिवारी, कनिष्ठ प्रबंधक शिक्षा एवं डॉ. शीतल चन्द्र
शर्मा, शिक्षक ने किया।
भोरमदेव तीर्थ पर केंद्रित फिल्म का गीत-संगीत तैयार कर रहे नवलदास
भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई के प्रख्यात कलाकार नवल दास मानिकपुरी इन दिनों
कबीर गंगा फिल्म
प्रोडक्शन कबीर धाम कवर्धा की प्रस्तुति छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘लुप लपाटाÓ के
लिए गीत-संगीत तैयार कर रहे हैं। नवल दास मानिकपुरी के लिखे दो गाने का
ट्रैक सूरज महानंद के स्टूडियो रायपुर में तैयार किया गया। इस फिल्म में
नवल दास मानिकपुरी गीतकार-संगीतकार की भूमिका निर्वहन करने के साथ दो
गीतों को अपना स्वर भी दे रहे हैं। उनके साथ गायक शनि पांडेय कवर्धा से
और गायिका चंपा निषाद ने भी गीतों को अपने स्वर दिए हैं। म्यूजिक अरेंजर
सूरज महानंद है। इस फिल्म की कहानी छत्तीसगढ़ के तीर्थ भोरमदेव के इर्द
गिर्द घूमती है।
फिल्म की कहानी को रोचक बनाने विभिन्न किरदारों को सशक्त भूमिकाएं दी गई
हैं। नवल दास मानिकपुरी का कहना है कि छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘लुप लपाटाÓ का
टाइटल थोड़ा अटपटा लग रहा है लेकिन फिल्म दर्शकों को बहुत पसंद आयेगी।
फिल्म के गीत-संगीत भी बहुत ही कर्ण प्रिय है। इस फिल्म के निर्माता
प्रदीप मानिकपुरी, निर्देशक विकास चंद्रवंशी, कलाकारों में भुनेश साहू,
भूपेंद्र मानिकपुरी, अमित सिंह, रवि मानिकपुरी, तन्नु प्रधान, प्रतिभा
चौहान मनीषा साहू और मायरा यदु है। इनके अलावा फिल्म में छत्तीसगढ़
प्रदेश के और भी नामी-गिरामी कलाकारों ने अभिनय किए हैं। फिल्म बहुत
जल्दी सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
भिलाई नगर रेलवे कॉलोनी में तीन दिन में एक बार आ रहा टैंकर, चारों तरफ
पसरी है गंदगी
महिलाएं एवं बच्चे कुपोषण के शिकार, आंगनबाड़ी की मांग लंबे अरसे से कर
रहे हैं मुहल्लेवासी
भिलाई। भिलाई नगर रेलवे स्टेशन कॉलोनी में पीने के पानी से लेकर सफाई
व्यवस्था और कुपोषण सहित ढेर सारी समस्याएं हैं। भिलाई स्टील प्लांट
प्रबंधन और रेलवे प्रशासन ने इस झुग्गी बस्ती को ÓअवैधÓ मानते हुए हमेशा
उपेक्षित रखा है। वहीं नगर पालिका निगम भिलाई भी यहां ध्यान नहीं दे रहा।
इससे यहां के लोग नारकीय जीवन जी रहे हैं। यहां महिलाएं एवं बच्चे कुपोषण
का शिकार है। स्थानीय लोग आंगनबाड़ी की मांग लंबे समय से कर रहे हैं
लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है। पिछले महीने एक गर्भवती महिला
की मौत भी हो गई थी। जिसमें परिजनों का आरोप है कि पोषण आहार नहीं मिलने
से गर्भवती महिला कमजोर हो गई थी और अस्पताल में मौत हो गई।
यहां के रहवासियों के मुताबिक नगर पालिका निगम और जनप्रतिनिधियों की
उपेक्षा के चलते यहां के नागरिक नारकीय जीवन जीने मजबूर हैं। यहां की
समस्याओं की वजह से लोगों का रोजमर्रा का जीवन यापन प्रभावित हो रहा है।
यहां साफ पेयजल उपलब्ध नहीं है। बोर खराब हो चुके हैं और हैंडपंप टूटे
पड़े हैं। नगर निगम का टैंकर तीन दिन में एक बार आता है। जिससे अपनी रोज
की जरूरत के लिए लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है।
नियमित सफाई नहीं होने से यहां हर तरफ गंदगी पसरी है। पूरा मोहल्ला में
कचरा फैलने की वजह से बदबू से लोग परेशान हैं और घर-घर में लोग बीमार
पड़ रहे हैं। आंगनबाड़ी की सुविधा नहीं होने से बच्चे महिलाएं कुपोषण का
शिकार है। भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय बूथ अध्यक्ष राजा सोनानी के साथ
शशि सोनानी, अमृत निर्मलकर, पासपति देवी, दुरपति निर्मलकर, आरती यादव,
विद्या यादव, सेवती बाई, लक्ष्मी, बुधियारिन, अर्चना देवांगन, कलश बाई,
नवा दाई, प्रमिला, लाली और द्रौपदी व मीना बघेल ने शासन प्रशासन से उनकी
बस्ती पर ध्यान देने की मांग की है।
======

