खबर वर्ल्ड न्यूज़-नई दिल्ली।उत्तरकाशी में कथित अवैध मस्जिद हटाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को हिंदू संगठनों की जनाक्रोश रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों से तीखी झड़प के बीच अचानक पथराव चालू हो गया। पथराव इतना ज्यादा था कि उसने पुलिसकर्मियों को भी मौके से भागने को मजबूर कर दिया। बाद में हालात काबू करने पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें करीब 27 लोग जख्मी हो गए। घायलों में पथराव से चोटिल हुए सात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
संयुक्त हिंदू संगठन के आन पर निकाली गई इस रैली के समर्थन में उत्तरकाशी, डुंडा, भटवाड़ी और जोशियाड़ा में बाजार बंद रहे, जिससे तीर्थयात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा ।
तय कार्यक्रम के अनुसार, बृहस्पतिवार को कथित अवैध मस्जिद हटाने की मांग को लेकर रैली निकालने के लिए लोग हनुमान चौक पर एकत्रित हुए और जय श्रीराम और मस्जिद हटाओ के नारे लगाए । प्रदर्शनकारियों को मस्जिद की ओर जाने से रोकने के लिए प्रशासन ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटवाड़ी की ओर बैरिकेडिंग लगा दी। इस बैरीकेडिंग को हटाने के लिए प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी नोंकझोंक हुई लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारी हनुमान चालीसा का पाठ भी करते नजर आए । बाद में एक बार फिर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया और उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई ।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हालात बिगाड़ने के लिए एक साजिश के तहत पत्थर फेंके गए जबकि पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। गंगोत्री राजमार्ग बंद होने के कारण पुलिस ने गंगोत्री जाने वाले तीर्थयात्रियों को बड़ेथी बाईपास से तेखला की ओर भेजा गया । इस बीच, संयुक्त हिंदू संगठन ने पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज तथा प्रशासन की मिलीभगत से मुस्लिम समुदाय की ओर से उन पर पथराव के विरोध में उत्तरकाशी में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन बाजार बंद और चक्का जाम करने की घोषणा की है।

