खबर वर्ल्ड24 – बीजापुर, 10 दिसंबर। जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर माता रुक्मणी कन्या आश्रम धनोरा (आवासीय विद्यालय) की छात्राएं रविवार रात में भोजन करने के बाद फूड पॉइजनिंग की शिकार हो गईं। इनमें 35 छात्राओं को सोमवार सुबह जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था। इनमें 9 को गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है। आज मंगलवार सुबह तीसरी कक्षा की छात्रा शिवानी तेलम की मौत हो गई है। वहीं मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीआर पुजारी ने जिला स्तर से चिकित्सकों की एक टीम गठित कर धरोना आश्रम भेजी है। टीम आश्रम में दो दिन रुककर सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। बताया गया कि लगभग दो दर्जन छात्राओं को बुखार होने से मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू की जांच भी कराई जा रही है।
- आश्रम अधीक्षक के अनुसार रात में पनीर की सब्जी बनी थी। सभी बच्चों और स्टाफ ने सब्जी का सेवन किया था। रात में कुछ छात्राओं को उल्टी दस्त होने पर आश्रम में ही दवाइयां दी गईं और सुबह जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। माता रुक्मणी सेवा संस्थान डिमरापाल जगदलपुर द्वारा बस्तर संभाग में 36 आश्रम शालाओं का संचालन किया जाता है। पहली बार किसी संस्थान में फूड पॉइजनिंग की स्थिति सामने आई है। संस्थान के संचालक मंडल के एक सदस्य ने बताया कि यहां से भी संस्थान के एक दल को बीजापुर भेजा गया है, जो पीड़ित छात्राओं के उपचार के लिए सहयोग करेगा।
- शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ मंगेश ने बताया कि पीड़ित छात्राओं की स्थिति में सुधार हो रहा है। गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती छात्राओं की स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है, और समुचित उपचार किया जा रहा है। उन्हाेने बताया कि उल्टी दस्त के साथ ही कुछ को बुखार भी है।
- राकेश पांडे
khabarworld24.com –

