खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। उल्लूर, भोपालपट्टनम – डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह एवं उल्लास के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य कविता कोरम तथा विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कोरम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने की। समारोह में शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं पत्रकारगण मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि कविता कोरम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के जोशीले नारों से पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से गुंजायमान कर दिया। इसके बाद चारों सदनों के विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया।मार्च-पास्ट के पश्चात ऋग्वेद, सामवेद, अथर्ववेद एवं यजुर्वेद सदन के सदन प्रमुखों सहित मुख्य छात्र, मुख्य छात्रा, सांस्कृतिक गतिविधि प्रमुख, अनुशासन प्रमुख एवं खेल प्रमुख को बैज पहनाकर पद की शपथ दिलाई गई तथा उनके दायित्वों से अवगत कराया गया।इसके बाद माँ सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच संचालन नीलम साहू एवं विक्टोरिया रानी ने किया।सांस्कृतिक कार्यक्रम में चारों सदनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ऋग्वेद सदन ने देशभक्ति गीत पर शानदार प्रस्तुति दी, यजुर्वेद सदन ने प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया, अथर्ववेद सदन की ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया, जबकि सामवेद सदन ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में सांस्कृतिक गतिविधि प्रमुख सपना गुर्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कोरम ने विद्यार्थियों को देशप्रेम, शिक्षा, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अतिथि कविता कोरम ने विद्यार्थियों को देशप्रेम एवं जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को समझने, अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करने तथा देशप्रेम को अपने व्यवहार एवं जिम्मेदारियों में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति और शिक्षा में सहयोग करने की अपील की तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, पत्रकारगण एवं अभिभावकों ने निर्णायक मंडल के रूप में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। मिनेश कुमार पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया और समारोह का समापन हुआ। देशभक्ति एवं उत्साह से भरे वातावरण में विद्यार्थी खुशी-खुशी अपने घरों के लिए रवाना हुए।
Trending
- राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने फहराया तिरंगा
- स्वतंत्रता दिवस पर बालोद में सनसनी: शराब की लत बनी काल, बेटे ने लकड़ी की पीढ़ा से वार कर मां को उतारा मौत के घाट
- डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर में देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
- चार दशक बाद नक्सलगढ़ के सुदूर मोसला गांव में पहली बार शान से लहराया तिरंगा
- बीजापुर में शान से लहराया तिरंगा, ऐतिहासिक अवसर बना 80वां स्वतंत्रता दिवस
- सांसद विजय बघेल ने ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी, मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
- नवागढ़ विकासखंड के 6 कृषि केंद्रों पर औचक छापा, अनियमितता पर 2 पर बिक्री प्रतिबंध और 3 को नोटिस
- रायपुर में ज्वेलरी दुकान में बड़ी सेंधमारी: 72 घंटे के भीतर पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, 2 महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार


