खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित रावतपुरा कॉलोनी में ज्वेलरी दुकान की दीवार तोड़कर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो महिलाओं सहित पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपये की मशरूका बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, रावतपुरा कॉलोनी फेस-02, मठपुरैना में निमाई डोन्डा की श्री गुरू ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे उन्हें दुकान में चोरी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे दुकान पहुंचे। जांच करने पर दुकान की एक दीवार टूटी हुई मिली और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके बाद उन्होंने टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुडिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच के लिए 10 से अधिक अलग-अलग टीमों को लगाया गया।
टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ दुकान संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों को चिन्हांकित कर फुटेज से मिले सुरागों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। आरोपियों के संभावित आने-जाने के रास्तों की भी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस ने मुखबिरों को भी सक्रिय किया और वारदात के तरीके के आधार पर पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई। हाल ही में जेल से रिहा हुए चोरी के आरोपियों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी गई।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी के बारे में सुराग मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आकांक्षा ने चोरी में अपनी किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया और पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस के पास मौजूद साक्ष्यों के आधार पर जब उससे पूछताछ की गई तो वह अपने बयान पर कायम नहीं रह सकी। आखिरकार उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आकांक्षा सेमिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उषा उर्फ सपना खुंटे, लोकेश राव उर्फ विकास, एम. मोहन राव उर्फ मोनी और मिराज आलम को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि इस पूरी वारदात की योजना लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव ने बनाई थी। दोनों ने पहले श्री गुरू ज्वेलर्स की रेकी की और दुकान को निशाना बनाने की योजना तैयार की। इसके बाद उन्होंने लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी और मिराज आलम को भी योजना में शामिल किया।
घटना वाले दिन योजना के मुताबिक एम. मोहन राव और मिराज आलम दुकान में दाखिल हुए और चोरी की, जबकि लोकेश राव उर्फ विकास दुकान से कुछ दूरी पर खड़ा रहा। आरोपियों ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे जेवरात लेकर फरार हो गए। बाद में चोरी के जेवरात को आपस में बांट लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एम. मोहन राव उर्फ मोनी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह जीआरपी दुर्ग में दर्ज हत्या के चार मामलों और चोरी के एक मामले समेत कुल पांच प्रकरणों में जेल में रह चुका है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के एक मामले में वह न्यायालय से 10 वर्ष की सजा भी काट चुका है।
वहीं आरोपी लोकेश राव उर्फ विकास के खिलाफ जिला दुर्ग के थाना भट्ठी और भिलाई में एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उसकी पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे भी पूर्व में थाना टिकरापारा के एक मामले में जेल में रह चुकी है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी में करीब दो किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक सोने का लॉकेट, घटना में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी-
1. लोकेश राव उर्फ विकास (35 वर्ष), पिता सत्यनारायण राव, निवासी रावतपुरा फेस-02, काव्या जनरल स्टोर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर।
2. एम. मोहन राव उर्फ मोनी (39 वर्ष), पिता एम. ईश्वर राव, निवासी सेक्टर-09, मकान नंबर बीकेडी-28, थाना सेक्टर-06, भिलाई, जिला दुर्ग।
3. मिराज आलम (29 वर्ष), पिता मोहन आलम, निवासी खुर्सीपार सेक्टर-11, गौतम नगर, थाना खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
4. उषा उर्फ सपना खुंटे (32 वर्ष), पति लोकेश राव, निवासी रावतपुरा फेस-02, काव्या जनरल स्टोर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर।
5. आकांक्षा सोनी (26 वर्ष), पति फलेन्द्र सोनी, निवासी ग्राम बेलर अमलीपारा, थाना सिहावा, जिला धमतरी। वर्तमान पता प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-01, समेरूमठ के सामने, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।
Trending
- नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा
- जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी अनुपम झलक
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी राष्ट्रीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा


