खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-काेंड़ागांव। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध प्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने फरसगांव पुलिस ने सघन जांच और सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 173 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ और तस्दीक के लिए थाना फरसगांव लाया, जहां उनके पहचान पत्र एवं आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा संबंधित थानों से एसएस रोल और एनओसी के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि थाना क्षेत्र में कोई अवैध प्रवासी या संदिग्ध व्यक्ति तो निवास नहीं कर रहा है। फरसगांव पुलिस के अनुसार संदिग्धों की तस्दीक के बाद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता नहीं पाए जाने पर उन्हें आवश्यक हिदायत देकर छोड़ा गया है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की 21 टीमें मैदान में उतारी गईं। एसडीओपी अभिनव उपाध्याय एवं डीएसपी सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने फरसगांव नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों सहित जुगानी कलार, जुगानी कैंप, पश्चिम बोरगांव, पूर्वी बोरगांव और सिगारपुरी क्षेत्र में घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान 1200 से अधिक घरों और 160 से अधिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।
पुलिस ने बाहर से आकर क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मुसाफिर रजिस्टर में एंट्री कराई। वहीं मकान मालिकों को समाधान ऐप डाउनलोड कराकर किरायेदारों एवं अन्य लोगों की जानकारी दर्ज करने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान मटन दुकान, नाई दुकान, कबाड़ी दुकान सहित ऐसे विभिन्न प्रतिष्ठानों को भी चिन्हांकित किया, जहां बाहरी अथवा असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी काम कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य संदिग्ध एवं अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करना, अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करना है। फरसगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के सघन जांच और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
फरसगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आस-पास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी, संदिग्ध फेरीवाला या अपरिचित व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल थाना फरसगांव पुलिस को दें। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर भी सूचना दी जा सकती है। फरसगांव पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Trending
- विश्व आदिवासी दिवस पर राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन
- पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस
- कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन स्वीकृति: केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का मुंगेली प्रेस क्लब में भव्य स्वागत
- आप के ‘हाईजैक’ वाले आरोप पर सीएम साय का पलटवार: बोले- ‘डबल इंजन सरकार’ से छत्तीसगढ़ में आई विकास की क्रांति
- बढ़ते बिजली बिल व स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने उपभोक्ताओं से भरवाए आवेदन
- 20.700 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दाे आराेपित गिरफ्तार
- फरसगांव पुलिस ने 1200 घरों और 150 दुकानों में दबिश देकर 173 संदिग्धों से की पूछताछ
- राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 10 अगस्त को 03 लाख 13 हजार बच्चों को खिलाने कालक्ष्य निर्धारित


