कलेक्टर ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खाया मध्यान्ह भोजन
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। बीजापुर जिले में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत शाला प्रवेशोत्सव के साथ हुई। कलेक्टर विश्वदीप ने कोतापाल स्कूल पहुंचकर नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया और बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया। जिले भर में 4332 शाला त्यागी और नवप्रवेशी बच्चों को स्कूलों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
शिक्षा सत्र के पहले दिन बीजापुर के कलेक्टर विश्वदीप ने ग्राम कोतापाल स्थित स्कूल में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पाठ्य-पुस्तकें व गणवेश वितरित कर स्वागत किया। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर विश्वदीप बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए और भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। जिले में कुल 739 प्राथमिक शालाएं संचालित हैं, जिनमें 28 पोटाकेबीन के साथ अनुदान प्राप्त विद्यालय के साथ अन्य शैक्षणिक संस्थाएं भी शामिल हैं। नए शिक्षा सत्र में 4332 शाला त्यागी बच्चों को पुनः स्कूलों से जोड़ने के साथ-साथ नवप्रवेशी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।


