पीएम आवास सहित राशन, पेंशन आदि की मिली स्वीकृति
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शासकीय योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के साथ ही सुशासन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखण्ड के ग्राम सुकली स्थित हाईस्कूल मैदान में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षा, आवास, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, सहकारिता, खाद्य, उद्यानिकी, श्रम, कृषि, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य कुंती जायसवाल, जनपद पंचायत लोरमी के उपाध्यक्ष राजेन्द्र साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर आमजनों को पात्रतानुसार लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम बोईरपारा में पंचायत भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए, ग्राम देवरहट में उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन के लिए 28.51 लाख रूपए और ग्राम औराबांधा तथा विचारपुर में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के लिए 05-05 लाख रूपए की सौगात मिली।
लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी ने बताया कि शिविर में पीएम आवास सहित राशन, पेंशन आदि की स्वीकृति के साथ ही विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री प्रदान कर लाभान्वित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत 40 हितग्राहियों को आवास की चाबी, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 14 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश, 05 को जाब कार्ड, 10 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत स्वीकृति प्रमाण पत्र, 10 स्वसहायता समूहों को चक्रीय निधि के तहत 15-15 हजार रूपए एवं 10 समूहों को सामुदायिक निवेश कोष अंतर्गत 60-60 हजार रूपए का चेक, 03 को नोनी सुरक्षा योजना प्रमाण पत्र, 03 को विद्यारंभ योजना प्रमाण पत्र, 03 को सुपोषण टोकरी, 06 हितग्राहियों को आभा कार्ड, आयुष्मान व वय वंदना कार्ड, 10 किसानों को केसीसी के तहत चेक, 08 हितग्राहियों को राशनकार्ड, 10 को फलदार पौधा, 24 श्रमिकों को प्रमाण पत्र, 08 किसानों को अरहर पैकेट, 01 को आईस बॉक्स व 01 को मत्स्य जाल और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 02 विद्यार्थियों को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एनआरएलएम अंतर्गत सक्रिय महिला सविता कृलमित्र को वृक्षारोपण में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, जनपद सीईओ सुरेश कुमार कंवर सहित विभिन्न विभागों अधिकारी मौजूद रहे।


