खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में RPF टास्क टीम और GRP ने ट्रेनों में सफर करने वाली महिलाओं को अपना निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने झारखंड के जामताड़ा जिले के एक ऐसे गिरोह को दबोचा है, जो साड़ी बेचने के बहाने ट्रेनों में चढ़ता था और भीड़ का फायदा उठाकर गहने पार कर देता था। इस मामले में 4 महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लाखों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी बरामद की गई है।
मामला तब सुर्खियों में आया जब सीपत की रहने वाली यात्री सोनाली पटेल टिटलागढ़ पैसेंजर में सफर कर रही थीं। सफर के दौरान जयरामनगर स्टेशन के पास शातिर चोरों ने उनके बैग को निशाना बनाया और बैग के भीतर रखा ज्वेलरी बॉक्स पार कर दिया। इस बॉक्स में करीब 1 लाख 74 हजार रुपये की कीमत के सोने के जेवरात थे। पीड़िता की शिकायत के बाद GRP और RPF तुरंत एक्शन मोड में आ गई।
वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्धों की पहचान होने के बाद घेराबंदी शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर RPF और GRP की टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे गिरोह को दबोच लिया। महिला आरक्षकों की मदद से आरोपी महिलाओं की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के सारे जेवरात बरामद हो गए।
क्या-क्या हुआ बरामद- सोने का रानीहार, मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने की बाली और अंगूठी, 21,500 नगद कैश
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। गिरोह के सदस्य हाथ में साड़ियां लेकर ट्रेन के भीड़भाड़ वाले कोच में घुसते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो और जैसे ही कोई महिला यात्री भीड़ में उलझती, गिरोह की महिला सदस्य कटर या हाथ की सफाई से उनके बैग की चेन खोलकर गहने और कीमती सामान उड़ा देती थीं।
GRP ने जिन आरोपियों को जेल भेजा है उनमें तुषार पासवान, विरासत पासवान, मोनिका बेद, मनी देवी, मामूनी केवरा और सुजाता केवरा शामिल है। पकड़े गए सभी आरोपी झारखंड के कुख्यात जामताड़ा जिले के हिलरोड इलाके के रहने वाले हैं।
Trending
- कैनाल रोड 2.0 पर सियासत गरमाई, आशियाना बचाने सड़क पर उतरेंगे लोग
- सेवा डेरा’ जन सुविधा केंद्र में राज्य व केंद्र सरकार की 371 योजनाओं का मिलेगा लाभ- अमित शाह
- वैशविक संकट के बीच डामर का वैकल्पिक रास्ता निकाले, सुधारे सड़कों की दशा: मंत्री लखनलाल देवांगन
- मनरेगा की जगह अब “जी राम-जी” योजना, ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार
- सुशासन तिहार 2026: मुंगेली में समाधान शिविर का दिखा बड़ा असर, मनीषा पटेल का राशन कार्ड मात्र कुछ ही घंटों में तैयार
- सुशासन तिहार 2026: मुंगेली के ग्राम सुकली में ‘समाधान शिविर’ का भव्य आयोजन, करोड़ों की सौगात से चमकी लोरमी की पंचायतें
- नकली शराब फैक्ट्री मामले में बड़ी कार्रवाई; खैरागढ़ आबकारी SI निलंबित, विभाग में हड़कंप
- बिलासपुर में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, जामताड़ा के 6 शातिर आरोपी गिरफ्तार


