विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों, मिड-डे-मिल व हास्पिटल कैंटिन का किया गया निरीक्षण
वैक्सिन स्टोर में तापमान अलार्म सिस्टम लगाने के निर्देश
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों, मिड-डे-मिल व हास्पिटल कैंटिन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने सभी वैक्सिन स्टोर्स में तापमान अलार्म सिस्टम लगाने और बिजली बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था (जनरेटर/इन्वर्टर) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि 02 से 08 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान बनाए रखा जा सके।
वहीं टीम ने जिला अस्पताल की कैंटीन और मिड-डे मील सेंटर का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने भोजन बनाने और परोसने के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने, खाद्य सामग्री को ढंककर रखने तथा कर्मचारियों को ग्लव्स, मास्क और हेड कवर पहनने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए एक्सपायरी तिथि पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बता दें कि 11 मई तक चल रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत यह निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों एवं परिवार के सभी सदस्यों का समय पर टीकाकरण कराएं। अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। विशेष रूप से 14 वर्ष तक के बच्चों को सभी आवश्यक टीके लगवाना जरूरी है। साथ ही रेबीज जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए पशु के काटने या खरोंच लगने पर तुरंत टीका लगवाना चाहिए।


